पणजी, 12 जुलाई (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) की गोवा इकाई ने मंगलवार को मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर से कहा कि वह कथित तौर पर रिश्वत मामले में लिप्त अपने रिश्तेदार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें या इस्तीफा दें।
आप के 200 से भी ज्यादा लोगों ने यहां राज्य सचिवालय में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
आप के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव एस.के. श्रीवास्तव के कार्यालय को एक ज्ञापन सौंपकर पारसेकर के रिश्तेदार दिलीप उर्फ घनश्याम मालवंकर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गोवा औद्योगिक विकास निगम क्षेत्र के अधिकारी दिलीप को पिछले साल अगस्त में पणजी से 35 किलोमीटर दूर तुएम गांव में एक औद्योगिक भूखंड के आवंटन के लिए कथित तौर पर एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया था।
आप प्रवक्ता राजश्री नागरसेकर ने मीडिया को बताया कि राज्य के 40 निर्वाचन क्षेत्रों के 20,000 से भी ज्यादा लोगों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
नागरसेकर ने कहा, “हमने मांग की है कि पारसेकर या तो दिलीप के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें या फिर इस्तीफा दें। उन्हें बहाल करके गोवा सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। कई अन्य अधिकारी हैं, जो लंबे समय तक निलंबित रहे हैं। मुख्यमंत्री के रिश्तेदार को खास तरजीह दी जा रही है।”
वहीं, पारसेकर ने इस मामले में कहा है कि दिलीप की बहाली नियमों के अनुरूप है और उन्हें किसी प्रकार की तरजीह नहीं दी गई है।
dharmpath.com dharmpath