पणजी, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर विल्फ्रेड डीसूजा के निधन पर शोक जताया है।
डीसूजा (87) का निधन शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से हुआ।
तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके डीसूजा को पारसेकर ने विशिष्ट राजनेता बताया और कहा कि उनके निधन से समाज की अपूरणीय क्षति हुई है।
डीसूजा को सांस लेने में तकलीफ के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सुबह 9.15 बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।
युगांडा में जन्मे डीसूजा राज्य के अल्पसंख्यक समुदाय के नेताओं में खास स्थान रखते थे। डीसूजा सर्जन भी थे। वह तीन बार मुख्यमंत्री रहे, लेकिन 90 के दशक में राज्य की आयाराम-गयाराम की राजनीति की वजह से वह कभी भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके थे।
अपने लंबे राजनीतिक जीवन में डीसूजा अगल-अलग समय में कांग्रेस, युनाइटेड गोअन्स पार्टी, गोवा राजीव कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और तृणमूल कांग्रेस से जुड़े रहे।
उनके निधन पर राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।
dharmpath.com dharmpath