पार्टियों के गुप्त चंदे पर रोक के प्रस्ताव का तेजस्वी ने भी किया समर्थन

पटना, 19 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने चुनाव आयोग द्वारा राजनीतिक दलों को दो हजार रुपये से ज्यादा गुप्त चंदे पर रोक लगाने के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि एक रुपये के चंदा का भी उल्लेख किया जाना चाहिए।

पटना में सोमवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता ने कहा, “राजनीतिक दलों को मिलने वाले चंदे के मसले पर आम आदमी के लिए लागू कानून और सामान्य नियम लागू किया जाना चाहिए। मेरा यह मानना है कि चंदे को लेकर सभी पार्टियों पर सामान्य नियम लागू होने चाहिए। किसी भी पार्टी को अगर एक रुपया भी चंदा मिलता है तो उसका उल्लेख किया जाना चाहिए।”

अपने पिता लालू प्रसाद यादव पर विपक्षी दलों की तरफ से कालाधन रखने संबंधी आरोप का तेजस्वी ने विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में लालू प्रसाद कई मामलों में अदालत द्वारा बरी किए जा चुके हैं, लेकिन विपक्षी लगातार आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने कहा, “हमारे परिवार पर संपत्ति को लेकर जितनी जांच हुई है, उतना शायद ही किसी नेता या किसी भी पार्टी के कार्यकर्ता के घर में हुई होगी। मेरे पिता (लालू प्रसाद) पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगा, तब मेरे ननिहाल तक में जा कर आंगन और घर तक की जमीन खोद डाली गई, लेकिन किसी को कुछ भी नहीं मिला। एक रुपया तक नहीं मिला।”

उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वाले भाजपा के लोगों को हमेशा मुंह की खानी पड़ती है, फिर भी रोजाना नया राग अलाप रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493