लखनऊ, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल से बर्खास्त समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता शिवपाल सिंह यादव महाबैठक के दौरान राज्यसभा सांसद अमर सिंह के समर्थन में खुलकर सामने आ गए।
लखनऊ में पार्टी कार्यालय में महाबैठक को संबोधित करते हुए शिवपाल ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि हमने भी पार्टी के लिए कम काम नहीं किया है। नेताजी के साथ गांव-गांव जाकर साइकिल चलाई है।
शिवपाल ने कहा कि अखिलेश यादव ने तो खुद एक बार कहा था कि वह अलग पार्टी बनाकर चुनाव लड़ लेंगे। मैं यह बात हाथ में गंगाजल लेकर बोल सकता हूं।
शिवपाल ने कहा,” नेताजी हमने आपके साथ कदम से कदम मिलाकर पार्टी के लिए काम किया है। साइकिल चलाकर गांव-गांव पार्टी को खड़ा करने का काम किया है। क्या मेरा योगदान पार्टी के लिए कम है। मुझ पर आरोप लगाकर हटा दिया गया।”
अखिलेश पर निशाना साधते हुए शिवपाल ने कहा कि विरोधी भी मेरी काम की तारीफ करते हैं। मुख्यमंत्री बताएं कि मेरे विभाग में अच्छा काम हुआ कि नहीं। कुछ लोग सिर्फ मलाई काटने के लिये पार्टी में आए हैं। उनको पार्टी से बाहर जाना ही होगा।
अमर सिंह का नाम लेते हुए शिवपाल ने कहा कि उनका योगदान पार्टी में बहुत है। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है।
dharmpath.com dharmpath