नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। एफएम रेडियो ब्रांड रेड एफएम ने दिल्ली बाल कल्याण परिषद (डीसीसीडब्ल्यू) के साथ मिलकर ‘पालना’ पहल के लिए अपने ‘बजाओ फॉर कॉज’ अभियान के जरिये 93.5 लाख रुपये जुटाए हैं।
‘पालना’ दिल्ली बाल कल्याण परिषद की पहल है। इसके तहत परिषद बेघर व शारीरिक रूप से विकलांग बच्चों का ध्यान रखता है और उनका पालन-पोषण करता है।
डीसीसीडब्ल्यू ने पिछले तीन दशकों में अपनी इस पहल के जरिये करीब 2,800 बच्चों को ऐसे परिवारों को सौंपा है, जिन्होंने इन बेघर बच्चों को घर दिया।
परिषद ने शुक्रवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में ऐसे बच्चों को गोद लेने वाले परिवारों के बारे में बताया, जिनमें फिल्म निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा का नाम भी शामिल है। उनकी बेटी दिशा ‘पालना’ की ही देन है।
उन्होंने इस पहल का समर्थन किया। साथ ही रेड एफएम के श्रोताओं से भी ‘पालना’ को समर्थन देने की अपील की।
रेड एफएम ने ‘पालना’ के लिए धन जुटाने का अभियान इस साल आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुरू किया था। इसकी शुरुआत खुद से करते हुए रेड एफएम ने ‘पालना’ के लिए 68.5 लाख रुपये का योगदान दिया और ‘बजाओ फॉर कॉज’ के माध्यम से 25 लाख रुपये जुटाए।
dharmpath.com dharmpath