पासवान ने किया त्रिनिदाद व टोबैगो का दौरा

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री राम विलास पासवान ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा भारत और त्रिनिदाद व टोबैगो के बीच सद्भावना बढ़ाने के लिए त्रिनिदाद एवं टोबैगो का दौरा किया।

इस यात्रा के दौरान पासवान ने पोर्ट ऑफ स्पेन में त्रिनिदाद एवं टोबैगो के विदेश मंत्री डेनिस मुसेस से मुलाकात की। दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को याद करते हुए पासवान ने कहा कि भारत सरकार इन संबंधों को और मजबूत करना चाहती है।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पासवान ने त्रिनिदाद एवं टोबैगो के कृषि मंत्री क्लेरेंस राम भारत से भी मुलाकात की और कृषि तथा मत्स्य पालन के क्षेत्र में सहयोग की पेशकश की।

पासवान ने पोर्ट ऑफ स्पेन के नजदीक दिवाली नगर में भारतीय मूल के लोगों की सभा को संबोधित किया और इंडियन कैरेबियन म्यूजियम में संगीत वाद्य यंत्र भेंट किए।

लंदन से लौटने के दौरान पासवान ने सोमवार को लंदन उच्चायोग में ‘एकता दिवस’ की शपथ दिलाई थी और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार वल्लभभाई को श्रद्धांजलि अर्पित की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493