पटना, 18 जुलाई (आईएएनएस)। केन्द्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने बिहार में शराबबंदी पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार में जहरीली शराब पीकर लोग मर रहे हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार से बाहर शराबबंदी का ढिंढोरा पीट रहे हैं।
पासवान बिहार में शराब बनाने के कारखानों को लाइसेंस दिए जाने पर भी मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए सोमवार को ट्वीट किया, “यदि पूरे देश में शराबबंदी लागू करना है तो नीतीश जी व लालू जी बताएं कि बिहार में शराब बनाने के कारखानों को लाइसेंस क्यों दिया जा रहा है?”
उन्होंने ट्वीट में आगे लिखा, “बिहार मे जहरीली शराब पीने से लोग मर रहे हैं और नीतीश कुमार बिहार से बाहर शराबबंदी का ढिंढोरा पीट रहे हैं।”
लोजपा नेता यहीं नहीं रुके। उन्होंने बिहार की गिरती विधि व्यवस्था पर भी सियासी हमला बोलते हुए कहा कि आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग भी दोहराई।
उल्लेखनीय है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले कुछ दिनों में झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर आयोजित सभाओं में पूरे देश में शराबबंदी की मांग की थी।
dharmpath.com dharmpath