लखनऊ/कानुपर, 15 नवम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। योगी ने कहा कि बसपा, सपा-कांग्रेस ने उद्योगनगरी कानपुर का स्वरूप चौपट किया है।
योगी कानपुर में निकाय चुनाव में प्रचार करने पहुंचे थे। योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कानपुर का औद्योगिक रुतबा वापस लाने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। इसी वजह से शहर से दो उद्योग मंत्री दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कानपुर शहर के बंद होते उद्योगों और बेरोजगारी की समस्या की बात छेड़कर कानपुर की दुखती रग पर हाथ रखने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शहर का औद्योगिक रुतबा वापस लाने के लिए काम कर रही है। बहुत जल्द ही इस शहर का माहौल उद्योग के अनुकूल होगा। नई नीतियां लागू होंगी। बाहरी निवेश लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन तीनों सरकारों की लूटखसोट और उद्योग व व्यापार विरोधी नीतियों की वजह से ना सिर्फ कानपुर बल्कि समूचे प्रदेश का औद्योगिक स्वरूप खत्म हो गया है।
योगी ने कहा, “लंबे इंतजार के बाद केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारें हैं। अब वह दौर शुरू होगा जब इस शहर का उद्योग और व्यापार आगे बढ़ेगा।”
उन्होंने कहा कि एक वह दौर था जब कानपुर की पहचान देश के औद्योगिक नगर के रूप में थी। यह शहर कई प्रदेशों के लोगों के रोजगार का केंद्र था लेकिन सरकारी लूटखसोट और अपराधियों के बोलबाले की वजह से उद्यमियों ने यहां से पलायन शुरू कर दिया।
dharmpath.com dharmpath