मुंबई, 19 जून (आईएएनएस)। फिल्म अभिनेता गोविंदा की बेटी टीना आहुजा ‘सेकंड हैंड हस्बैंड’ से अभिनय करियर की शुरुआत कर रही हैं। वह कहती हैं कि उनके कंधों पर पिता का नाम रोशन करने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।
टीना ने यहां कहा, “मुझे मिलीजुली प्रतिक्रिया मिल रही है। मैं अपनी फिल्म को लेकर उत्साहित और घबराई हुई हूं, क्योंकि यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं अपने पिता का नाम रोशन करना चाहती हूं। यह एक मिलाजुला अनुभव है और मुझे लग रहा है कि मैं इस अनुभव से गुजर रही हूं।”
समीप कांग निर्देशित ‘सेकंड हैंड हस्बैंड’ में बॉलीवुड के ‘हीमैन’ धर्मेद्र और पंजाबी अभिनेता-गायक गिप्पी ग्रेवाल भी हैं।
यह पूछे जाने पर कि बॉलीवुड में कदम रखने में इतना समय क्यों लगा? जवाब में टीना ने कहा, “लोगों ने मेरे बारे में उस वक्त लिखा, जब मैं फिल्म जगत में कदम रखने के लिए तैयार नहीं थी। हां, 2013 में मुझे अपनी अभिनय पारी शुरू करनी थी, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से ऐसा नहीं हो पाया।”
dharmpath.com dharmpath