नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की कार के चालक पर निर्धारित गति से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने के लिए जुर्माना किया गया है।
सिसोदिया उस वक्त कार में बैठे थे जब यातायात पुलिस ने चालक को अधिक गति से वाहन चलाने के लिए जुर्माना किया। वाकया पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में 12 जून का है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) संदीप गोयल ने आईएएनएस को बताया, “हमारे इंटरसेप्टर वाहन ने 12 जून की शाम सिसोदिया की कार को निर्धारित गति से अधिक तेजी के साथ चलाते हुए पाया, जिसके बाद चालक पर 400 रुपये का जुर्माना लगाया गया।”
एक अधिकारी ने बताया कि डीएल10सीए0017 पंजीयन संख्या वाले कार को यातायात पुलिस की टीम ने रोका।
अधिकारी ने बताया, “कार नहीं रूकी, जिसके बाद मोटरसाइकिल सवार यातायात कांस्टेबल ने इसका पीछा किया और चालान काटा।”
हाल फिलहाल में कितने वीआईपी लोगों के चलान काटे गए हैं, इस सवाल पर गोयल ने कहा, “यह बताना मुश्किल है कि कितने वीआईपी लोगों का चालान काटा गया है।”
उन्होंने यह स्पष्ट किया कि चालान चालकों के नाम पर काटे गए हैं, इसलिए वीआईपी के नाम बताना मुश्किल है।
क्या वीआईपी लोगों को इस आधार पर छूट मिल जाती है? गोयल ने कहा, “नियम सभी के लिए समान होते हैं।”
dharmpath.com dharmpath