पिता के साथ काम कर सूरज को मजा आया

गुड़गांव, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। सूरज पंचोली अपनी आगामी फिल्म ‘हीरो’ में अपने पिता आदित्य पंचोली के साथ काम करने की बात को लेकर काफी घबराए हुए थे, लेकिन उनका कहना है कि उनके पिता पेशेवर अभिनेता हैं और उनके साथ काम करने का उनका अनुभव अच्छा रहा।

सूरज इस फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। उनके पिता आदित्य पंचोली की भी फिल्म में अहम भूमिका है।

सूरज ने शनिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मुझे शूटिंग शुरू होने से ठीक दो दिन पहले पता चला कि फिल्म में मेरे पिता भी हैं। इसके बाद मुझे लगा कि मैं फंस गया। दरअसल, घर में मैं उनसे बहुत कम बोलता हूं। इसलिए नहीं कि मैं उनसे डरता हूं, बल्कि इसलिए क्योंकि मैं उनका सम्मान करता हूं। हम एक-दूसरे से बहुत बात नहीं करते हैं। यह सोचकर मुझे घबराहट हुई कि फिल्म में मुझे उनके सामने संवाद करना होगा।”

बकौल सूरज, “लेकिन सेट पर मुझे कभी ऐसा नहीं लगा कि वह मेरे पिता हैं। दरअसल, वह एक पेशेवर अभिनेता की तरह अपना किरदार निभा रहे थे। उनके साथ काम करना काफी अच्छा अनुभव रहा।”

फिल्म में आदित्य के किरदार के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। सिर्फ इतना बताया जा रहा है कि उनकी भूमिका एक मंत्री की है और वह नकारात्मक है।

सलमान खान इस फिल्म के निर्माता हैं और उन्होंने इसका टाइटल ट्रैक भी गाया है। निखिल आडवाणी द्वारा निर्देशित फिल्म सिनेमाघरों में 11 सितम्बर को प्रदर्शित होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493