नई दिल्ली, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। दक्षिणी दिल्ली में शुक्रवार को एक परिवार ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की और इसमें पिता और बेटी की मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि मृत व्यक्ति की पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर है।
पुलिस के अनुसार, दक्षिणी दिल्ली के खेड़ा दाबार इलाके में रहने वाले भगवान दास (50) और उनकी बेटी सरिता (20) की जहर खाने से मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी शारदा (48) की हालत गंभीर है। उन्हें राव तुला राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) सुरेंद्र कुमार ने कहा, “आत्महत्या के मामले से संबंधित एक फोन शुक्रवार सुबह करीब 7.16 बजे आया।”
अधिकारी ने कहा कि सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी भगवान दास और उनकी बेटी सरिता को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पूरा परिवार बेटे कुलदीप की मौत से सदमें में था।
कुलदीप रूस में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था, जिसकी 15 दिन पहले दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी।
पुलिस को दास के घर से सात पृष्ठों का एक सुसाइड नोट मिला है।
सुसाइड नोट में दास ने लिखा है कि उनके बेटे कुलदीप ने रूस में 2014 में एमबीबीएस में प्रवेश के लिए कुछ लोगों को डिमांड ड्रॉफ्ट के जरिए 30 लाख रुपये और पांच लाख रुपये दिए थे।
दास ने लिखा, “लेकिन 2015 में उनके बेटे को उसकी मैरिट पर प्रवेश मिला और पहले साल की परीक्षा देने के बाद कुलदीप छुट्टियों में भारत लौटा और उन लोगों से मिला, जिसे उसने पैसे दिए थे। उन लोगों ने पैसे वापस करने से इनकार कर दिया।”
इस पत्र में दास ने यह भी आरोप लगाया है कि कुलदीप ने वे पैसे आलोक सिन्हा और नदीम को दिए थे। ये दोनों नोएडा के निवासी हैं। दास ने साथ ही इस पत्र में दिल्ली के बाहरी इलाकों रोहिणी और बुराड़ी में स्थित कुछ कार्यालयों के नामों का भी जिक्र किया है।
dharmpath.com dharmpath