मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब नेशनल बैंक में हुए घोटाले की जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) मुंबई की एक प्रमुख लॉ कंपनी पर अनधिकृत दस्तावेजों को रखने को लेकर कार्रवाई कर सकती है।
इस लॉ फर्म के आधिकारिक प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, “हम इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं।”
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, यह फर्म सवालों के घेरे में है, क्योंकि इसके पास पीएनबी से जुड़े कुछ दस्तावेज मिले हैं, जो बैंक के गिरफ्तार अधिकारी गोकुलनाथ शेट्टी ने भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को सौंपे थे।
सूत्रों ने बताया कि चूंकि इन दस्तावेजों को बैंक में रखना जोखिम भरा था, इसलिए शेट्टी ने उसे चोकसी को दिया था। उसे चोकसी ने लॉ फर्म को संभाल कर रखने के लिए दे दिया था।
इन दस्तावेजों को सीबीआई ने लॉ फर्म पर फरवरी में डाले गए छापे में बरामद किया था। आरोपी हीरा कारोबारी नीरव मोदी ने 14 फरवरी को पीएनबी द्वारा घोटाले की जानकारी देने से पहले इस लॉ फर्म की सेवाएं ली थी।
dharmpath.com dharmpath