‘पीके’ फिर विवादों में, साहित्य चोरी का आरोप

नई दिल्ली, 21 जनवरी (आईएएनएस)। कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ने वाली ‘पीके’ फिल्म फिर विवादों में है। उपन्यासकार कपिल ईशापुरी द्वारा साहित्यिक चोरी का आरोप लगाए जाने के बाद दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार को फिल्म के निर्माताओं को नोटिस जारी किया।

आमिर खान अभिनीत ‘पीके’ का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया है। विधु विनोद चोपड़ा व हिरानी इसके सह-निर्माता हैं।

न्यायमूर्ति नजमी वजीरी ने हिरानी, विधु चोपड़ा व ‘पीके’ के पटकथा लेखक अभिजात जोशी को नोटिस जारी कर 16 अप्रैल तक जवाब मांगा है।

ईशापुरी का आरोप है कि फिल्म में उनके हिंदी उपन्यास ‘फरिश्ता’ (2013) का कुछ अंश चुराया व कॉपी किया गया है, जो सीधे-सीधे कॉपीराइट का मामला बनता है। उन्होंने फिल्मकारों से एक करोड़ रुपये हर्जाने व उन्हें उनके काम का श्रेय दिलाने की मांग की है।

अधिवक्ता ज्योतिका कालरा के माध्यम से दायर की गई याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म निर्माताओं के साथ-साथ पटकथा लेखक अभिजात जोशी ने ‘फरिश्ता’ के किरदार, वैचारिक अभिव्यक्ति व दृश्य चुराए हैं।

उल्लेखनीय है कि ‘पीके’ की रिलीज के बाद कई हिंदूवादी संगठनों ने इसे लेकर हंगामा किया। उनका कहना था कि फिल्म हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है, यह मामला दिल्ली उच्च न्यायालय पहुंचा, लेकिन वहां याचिका खारिज कर दी गई।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493