ग्रेटर नोएडा, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। हरियाणा हैमर्स ने अपने कप्तान और आइकन खिलाड़ी योगेश्वर दत्त के दमदार प्रदर्शन की बदौलत शनिवार को उत्तर प्रदेश वारियर्स को 4-3 से हरा दिया और लगातार तीसरी जीत हासिल करते हुए प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) की अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गया।
दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही और छह मुकाबलों तक दोनों टीमें 3-3 से बराबरी पर रहीं।
योगेश्वर ने इसके बाद अंतिम निर्णायक मुकाबले में विकास को 9-4 से हराकर अपनी टीम को जीत दिला दी।
लगातार तीसरी जीत हासिल कर हरियाणा अंकतालिका में मुंबई गरुड़ाज के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए। दोनों ही टीमों के तीन-तीन मैचों से छह-छह अंक हैं।
दूसरी ओर उत्तर प्रदेश अब तक खेले पांच मैचों में सिर्फ एक जीत से दो अंक ही हासिल कर सका है।
शनिवार को हुए मुकाबले की पहली भिड़ंत पुरुषों को 57 किलोग्राम भारवर्ग में हुआ, जिसमें हरियाणा के नितिन सर्जेई ने उत्तर प्रदेश के रातुश्नी को 3-1 से हराया।
महिलाओं के 48 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुए दूसरे मुकाबले में उत्तर प्रदेश की ओलेक्सांद्रा कोगुट ने निर्मला देवी को 6-4 से हराकर उत्तर प्रदेश को बराबरी दिला दी।
हालांकि हितेंदर ने पुरुषों के 125 किलोग्राम भारववर्ग के अगले मुकाबले में जोगिंदर कुमार को एकतरफा अंदाज में 4-0 से हराकर हरियाणा को फिर से बढ़त दिला दी।
महिलाओं की 69 किलोग्राम भारवर्ग में एलिना स्टाडिनिक माखिना ने हरियाणा की गीतिका जाखड़ को तकनीकी कुशलता के बल पर 11-0 से हराकर उत्तर प्रदेश को फिर से 2-2 से बराबरी पर ला खड़ा किया।
क्यूबा के स्टार पहलवान लिवान लोपेज अजक्यूई ने पुरुषों के 74 किलोग्राम भारवर्ग में हुए अगले मुकाबले में उत्तर प्रदेश के लिए खेल रहे मंगोलिया के विश्व चैम्पियनशिप-2015 में रजत पदक विजेता रहे पहलवान पुरेवाजाव उनुर्बाट को 4-1 से हराकर अपनी टीम को फिर से 3-2 से आगे कर दिया।
उत्तर प्रदेश ने हालांकि हरियाणा मूल की अपनी स्टार पहलवान बबिता कुमारी के बल पर फिर से 3-3 से बराबरी कर ली। बबिता ने महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले में तात्याना किट को 8-6 से हराया।
अंतत: कप्तान योगेश्वर ने हरियाणा को जीत दिलाई।
dharmpath.com dharmpath