पीडब्ल्यूएल-2 : हरियाणा ने जीत के साथ की शुरुआत

नई दिल्ली, 2 जनवरी (आईएएनएस)। टॉस हारने के बावजूद हरियाणा हैमर्स ने प्रो रेस्लिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के दूसरे संस्करण के पहले दिन सोमवार को मुंबई महारथी को 4-3 से हराते हुए अपने अभियान का विजयी आगाज किया।

इस जीत के साथ ही हरियाणा ने लीग के पहले सीजन के फाइनल में मुंबई से मिली हार का बदला भी ले लिया।

मुंबई ने टॉस जीता और लीग के नए नियम के मुताबिक हरियाणा के दो दमदार पहलवानों के मैच रद्द करने का फैसला लिया। उल्लखनीय है कि टॉस जीतने वाली टीम के पास विपक्षी टीम के दो मैच रद्द करने का अधिकार होता है और इसी अधिकार के साथ मुंबई ने हरियाणा के मेगोमेद कुबार्नालिएव और इंदु चौधरी के मैच रद्द करने का फैसला लिया।

हरियाणा ने जीत के साथ खाता खोला और पहले मुकाबले में रजनीश ने मुंबई के जूनियर राष्ट्रीय चैम्पियन विकास को पुरुषों के 65 किलोग्राम भारवर्ग में 7-2 से मात दी।

इसके बाद महिलाओं के 75 किलोग्राम भारवर्ग में रियो ओलिम्पक चैम्पियन मुंबई की कनाडाई पहलवान एरिका वीब ने पहल करते हुए पहले चरण में ही हरियाणा की किरन को पटखनी देकर चार अंक हासिल किए। उन्होंने इसके बाद दो और अंक और हासिल करते हुए 6-0 से बढ़त बनाई।

दूसरे दौर में भी एरिका अपने अनुभवी प्रदर्शन के कारण किरण पर हावी रहीं और 10 अंक और अपने खाते में जोड़ते हुए 16-0 से मुकाबला अपने नाम किया।

दो मुकाबलों तक हरियाणा और मुंबई का स्कोर 1-1 से बराबर था।

तीसरा मुकाबला पुरुषों के 97 किलोग्राम भारवर्ग में हुआ। हरियाणा के रूसी पहलवान और विश्व कप-2016 के रजत पदक विजेता अब्दुलसलाम गादिसोव ने 2015-विश्व चैम्पियन के कांस्य पदक विजेता यूक्रेन के पेव्लो ओलिनिक को अच्छी टक्कर देते हुए पहले दौर में 2-0 से बढ़त हासिल की। इस बीच अब्दुलसलाम को हल्की चोट भी लगी।

चोटिल होने के बावजूद अब्दुलसाम ने दूसरे चरण में भी अपना दबदबा बनाए रखते हुए चार अंक और हासिल कर पेव्लो को 6-0 से मात दी।

चौथा मुकाबला महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग में रियो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता हरियाणा की सोफिया मैटसन और मुंबई की ललिता शेरावत के बीच हुआ।

सोफिया ने पहले दौर में अच्छा खेल दिखाते हुए दो अंक हासिल किए, लेकिन अगले ही पल ललिता ने भी दो अंक हासिल कर स्कोर बराबर कर लिया। दोनों के बीच मुकाबला रोमांचक हुआ और सोफिया ने वापसी कर पहले दौर में 4-2 से बढ़त ले ली और अंतत: तकनीकी तौर पर ललिता को नॉकआउट करते हुए जीत हासिल की।

हरियाणा के सुमित शेरावत और मुंबई के गेब्राइल हसानोव के बीच पुरुषों के 74 किलोग्राम भारवर्ग में पांचवां मुकाबला खेला गया। सुमित और जेब्राइल के बीच मैच बराबरी का रहा लेकिन जेब्राइल ने पहले दौर में 3-0 से बढ़त हासिल की। दूसरे दौर में जेब्राइल ने 15-0 से सुमित को पछाड़ते हुए मुंबई को जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही मुंबई ने हरियाणा के साथ स्कोर 3-2 कर लिया।

रियो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता मारवा और भारत की सरिता कुमारी के बीच छठा मुकाबला खेला गया। महिलाओं के 58 किलोग्राम भारवर्ग में खेले गए इस मुकाबले में सरिता का अनुभव मारवा के आगे कमजोर नजर आया। इसका फायदा उठाते हुए मारवा ने पहले दौर में 2-0 से बढ़त बनाई।

मारवा ने दूसरे चरण में भी दबदबा कायम रखते हुए तीन और अंक लेते हुए मुकाबले में 5-0 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही हरियाणा ने पीडब्ल्यूएल सीजन-2 के पहले दिन मुंबई को 4-2 से मात दी।

संदीप तोमर और राहुल अवारे के बीच खेला गया सांतवां मुकाबला मात्र औपचारिकता ही रहा, क्योंकि पहले दिन के मुकाबले का परिणाम हरियाणा ने छठे मुकाबले के साथ ही अपने हक में कर लिया था।

राहुल ने पुरुषों के 57 किलोग्राम भारवर्ग में खेले गए रोमांचक मुकाबले में संदीप को पछाड़ा। संदीप ने पहले दौर में 3-0 से बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन राहुल ने दूसरे दौर में शानदार वापसी करते हुए 14 अंक हासिल किए। इस शानदार बढ़त के साथ ही राहुल ने इस मैच को 14-5 से अपने नाम किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493