नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस ने जम्मू एवं कश्मीर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के साथ सरकार बनाने जा रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से संसद हमले के दोषी अफजल गुरु पर रुख स्पष्ट करने की मांग की है, जिसके बारे में पीडीपी का मानना है कि उसे फांसी दिया जाना ‘न्यायिक हत्या’ है।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एक ट्वीट में कहा, “जम्मू एवं कश्मीर एक निर्वाचित सरकार की हकदार है और हम लोकतंत्र के जश्न का स्वागत करते हैं। लेकिन क्या भाजपा बताएगी कि अब अफजल गुरु पर पीडीपी-भाजपा गठबंधन का रुख क्या होगा?”
सुरजेवाला ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “पीडीपी अफजल गुरु और अन्य की सराहना करती है। अब अमित शाह (भाजपा अध्यक्ष) और भाजपा किसे देश-विरोधी करार देगी?”
जम्मू एवं कश्मीर में महबूबा मुफ्ती की अगुवाई में पीडीपी-भाजपा के गठबंधन वाली नई सरकार बनने जा रही है। उल्लेखनीय है कि महबूबा ने संसद हमले (13 दिसंबर, 2001) के दोषी अफजल गुरु को फांसी दिए जाने की निंदा की थी।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के तीन छात्रों की देशविरोधी नारेबाजी करने के आरोप में गिरफ्तारी होने के बाद से कड़ी आलोचनाएं झेल रही है। देशविरोधी नारेबाजी नौ फरवरी को जेएनयू परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में हुई थी, जो अफजल गुरु की बरसी के मौके पर रखा गया था।
dharmpath.com dharmpath