पीडीपी, भाजपा को विधानसभा भंग करने की सिफारिश करनी चाहिए : उमर अब्दुल्ला

श्रीनगर, 3 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को विधानसभा भंग करने और ताजा चुनाव कराने की अनुशंसा राज्यपाल से करनी चाहिए।

उमर ने कहा, “हम पीडीपी व भाजपा से कहते हैं कि चूंकि आप बीते दो महीनों में सरकार बनाने में नाकाम रहे हैं, इसलिए अब समय आ गया है कि पार्टी हितों से ऊपर उठकर राज्यपाल से विधानसभा भंग करने व ताजा चुनाव कराने की अनुशंसा करें।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद हमसे कहा गया कि सरकार का गठन चार दिन बाद किया जाएगा। उसके बाद कहा गया कि सरकार का गठन 40 दिन बाद किया जाएगा और अब कहा गया कि सरकार संसद के वर्तमान सत्र के खत्म होने के बाद बनेगी।”

श्रीनगर में नेशनल कांफ्रेस (नेकां) के युवा सम्मेलन से इतर संवाददाताओं से उन्होंने ये बातें कहीं।

उमर ने कहा कि राज्यपाल एन.एन.वोहरा द्वारा पंचायत व शहरी निकायों के चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत करने का फैसला करना इस बात का संकेत है कि राज्य में चुनाव बेहद नजदीक हैं।

सरकार गठन के लिए पीडीपी को समर्थन देने को खारिज करते हुए उमर ने कहा, “हमने यह प्रस्ताव भाजपा को राज्य में सत्ता से बाहर रखने के लिए मुफ्ती मोहम्मद सईद को दिया था।”

नेकां नेता ने कहा, “उन्होंने इसे तत्काल खारिज कर दिया। अब इस तरह के समर्थन का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय श्रीनगर सहित विभिन्न जगहों पर खुल गए हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493