पीवीएल : मुंबई को हराकर हैदराबाद ने कायम रखीं प्लेऑफ की उम्मीदें

कोच्चि, 12 फरवरी (आईएएनएस)। ब्लैक हॉक्स हैदराबाद ने प्रो वॉलीबाल लीग (पीवीएल) के पहले सीजन में मंगलवार को शानदार वापसी करते हुए यू मुम्बा को 3-2 (13-15, 15-11, 7-15, 15-14,15-11) से मात देकर अपनी प्लेऑफ में जाने की उम्मीदों को जिंदा रखा है।

मैच रोमांचक रहा और विजेता का फैसला पांचवें और आखिरी सेट में हुआ।

पहले सेट में कोई भी टीम पीछे नहीं थी और शुरू से ही बराबरी की टक्कर हो रही थी। स्कोर 3-3 से बराबर था। मुम्बा के शुभम चौधरी ने बेहतरीन सर्व से अपनी टीम को दो अंक लेकर बढ़त दिलाई। हैदराबाद ने वापसी करने में देरी नहीं लगाई और स्कोर तुरंत 6-6 से बराबर कर लिया। टाइम आउट में हालांकि मुम्बा की टीम 8-6 की बढ़त के साथ गई। टाइम आउट के बाद भी कड़ी प्रतिस्पर्धा जारी रही, लेकिन मुम्बा ने 15-13 से सेट अपने नाम कर लिया।

दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर दूसरे सेट में भी जारी रही। दोनों टीमें एक समय 7-7 की बराबरी पर थीं। टाइम आउट में हालांकि हैदराबाद एक अंक की बढ़त के साथ गई। टाइम आउट के बाद हैदराबाद की टीम हावी हो गई और उसने 12-9 की बढ़त ले ली। हैदराबाद ने अपनी बढ़त को कायम रखते हुए 15-11 से सेट अपने नाम कर स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया।

तीसरे सेट में मुम्बा ने लगातार चार अंक हासिल किए। टाइम आउट तक स्कोर उसके पक्ष में 8-3 था। यहां से मुम्बा ने बढ़त को हाथ से जाने नहीं दिया और सेट 15-7 से जीत स्कोर 2-1 कर लिया।

चौथे सेट में हैदराबाद की टीम हावी होने की कोशिश कर रही थी, लेकिन मुम्बा भी पीछे नहीं थी और एक समय स्कोर 6-6 से बराबर था। मुम्बा दो अंक लेकर 8-6 के स्कोर के साथ टाइम आउट में गई। टाइम आउट के बाद स्कोर 9-9 से बराबर हो गया। यहां मुम्बा ने 12-10 की बढ़त ले ली, लेकिन सुपर प्वाइंट के दम पर हैदराबाद ने वापसी की और सेट 15-14 से अपने नाम कर स्कोर 2-2 से बराबर कर पांचवें सेट को निर्णायक बना दिया।

अंतिम सेट में मुम्बा ने अच्छी शुरुआत करते हुए स्कोर 6-3 कर लिया। आखिरी सेट में हैदराबाद भी पीछे नहीं हटने वाली थी और उसने स्कोर तुरंत बराबर कर लिया और फिर टाइम आउट में 8-6 की बढ़त के साथ गई। मुम्बा ने वापसी की कोशिश की लेकिन हैदराबाद ने यहां से अपनी बढ़त नहीं खोई और 15-11 से सेट जीत मैच भी अपने नाम किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493