पुजारा की जगह रोहित को शामिल करने का फैसला सही : गांगुली

कोलकाता, 14 जून (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बांग्लादेश के खिलाफ फातुल्लाह टेस्ट मैच के लिए चेतेश्वर पुजारा के स्थान पर रोहित शर्मा को अंतिम एकादश में शामिल करने के कप्तान विराट कोहली के फैसले का समर्थन किया है।

एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे गांगुली ने कहा, “कोहली पांच गेंदबाजों को टीम में शामिल करना चाहते थे और ऐसे में एक बल्लेबाज को आपको बाहर करना ही पड़ता। रोहित ने सिडनी में पिछले टेस्ट मैच में तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी की थी और उनके मौजूदा फॉर्म के हिसाब से यह सही फैसला है।”

भारतीय टीम ने फातुल्लाह टेस्ट में पांच गेंदबाजों के तौर पर उमेश यादव, वरुण एरॉन, इशांत शर्मा, रविचंद्रन अश्विन और हरभजन सिंह को शामिल किया। साथ ही तीसरे क्रम के लिए कोहली ने पुजारा के स्थान पर रोहित को टीम में शामिल करने का फैसला किया।

फातुल्लाह टेस्ट हालांकि ज्यादातर समय वर्षा से ही बाधित रहा।

गांगुली ने उम्मीद जताई कि दो साल बाद टेस्ट टीम में वापसी करने वाले हरभजन को कुछ और मौके जरूर मिलेंगे।

गांगुली ने कहा, “हरभजन ने मैच में अभी तक दो विकेट हासिल किए लेकिन बारिश के कारण उन्हें बहुत ज्यादा मौके नहीं मिले। मुझे उम्मीद है कि उन्हें भविष्य में और मौके दिए जाएंगे।”

गांगुली ने क्रिकेट दिग्गज सचिन तेंदुलकर और शेन वार्न द्वारा प्रस्तावित संन्यास ले चुके खिलाड़ियों के टी-20 टूर्नामेंट में खेलने को लेकर भी उत्साह जताया।

हाल में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा नई क्रिकेट सलाहकार समिति में शामिल किए गए गांगुली ने हालांकि टीम डायरेक्टर रवि शास्त्री के भारतीय टीम के कोच के तौर पर नई पारी पारी शुरु करने की अटकलों पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।

गांगुली ने कहा, “मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। अगर यह होता है तो सबको पता चल जाएगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493