पुडुचेरी चुनाव : रंगास्वामी को ‘जनता संग जुड़ाव’ पर भरोसा

पुडुचेरी, 15 मई (आईएएनएस)। पुडुचेरी में चुनावी रणभेरी बज चुकी है और इस केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी को ‘जनता के साथ अपने जुड़ाव’ पर भरोसा है। हालांकि कारखाने बंद होने, बेरोजगारी और बुनियादी ढांचे के विकास में कमी को लेकर विपक्षी सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे।

पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए 16 मई (सोमवार) को मतदान होंगे, जिसमें 9,41,000 से भी ज्यादा मतदाता 344 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

इस केंद्र शासित प्रदेश में कांग्रेस-डीएमके गठबंधन को उम्मीद है कि वह रंगास्वामी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) को शिकस्त दे देंगे।

पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, एआईएनआरसी, डीएमके, अन्नाद्रमुक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), पीएमके और अन्य कई पार्टियां मैदान में हैं।

लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस-डीएमके गठबंधन और एआईएनआरसी के बीच है।

वर्ष 2011 में अन्नाद्रमुक ने एआईएनआरसी के साथ गठबंधन किया था। गठबंधन ने चुनाव में जीत हासिल कर ली थी, लेकिन उसके कुछ ही समय बाद दोनों के बीच मतभेद उत्पन्न हो गया था।

अपने चुनावी भाषणों में अन्नाद्रमुक की महासचिव और तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने जोर देकर कहा था कि रंगास्वामी ने पार्टी के साथ धोखा किया था और एआईएनआरसी को वोट देना आत्महत्या करने के बराबर होगा।

पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाना भी इस चुनाव में एक अन्य बड़ा मुद्दा है। कई पार्टियों ने पहले कहा था कि वे पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे। रंगास्वामी ने इस पर कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने केंद्र में अपने शासन के दौरान अपना वादा पूरा नहीं किया।

रंगास्वामी ने कहा कि उनका गठबंधन जनता के साथ है, किसी राजनीतिक पार्टी के साथ नहीं।

मुख्यमंत्री मुफ्त में कई चीजें देने का वादा करके जनता के साथ अपना जुड़ाव और मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

एआईएनआरसी ने जनता से वादा किया है कि अगर वे सत्ता में दोबारा लौटेंगे तो वे उन्हें वॉशिंग मशीनें देंगे।

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का हालांकि कहना है कि चुनाव में अन्नाद्रमुक और कई अन्य पार्टियों की मौजूदगी से सत्ता विरोधी लहर के वोट बंट सकते हैं, जो कांग्रेस-डीएमके गठबंधन के लिए लाभकारी हो सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493