पुणे, 15 जनवरी (आईएएनएस)। जोए रूट (78), जेसन रॉय (73) और बेन स्टोक्स (62) की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर इंग्लैंड ने महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले जा रहे पहले एकदिवसीय मैच में रविवार को मेजबान भारत के सामने 351 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है।
भारत के नए कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीत कर इंग्लैंड को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इंग्लैंड ने इसका मौके का भरपूर फायदा उठाते हुए निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 350 रन बनाए।
बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड का पहला विकेट एलेक्स हेल्स (9) के रूप में गिरा। वह रन ंआउट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने रॉय के साथ पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़े।
हेल्स के बाद जोए रूट मैदान पर उतरे। उन्होंने विकेट पर पैर जमाने में थोड़ा समय लिया। लेकिन दूसरे छोर से रॉय खुलकर खेल रहे थे। रॉय और रूट ने दूसरे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की।
रवींद्र जडेजा ने इस साझेदारी को तोड़ा 61 गेंदों में 12 चौके लगाने वाले रॉय जडेजा की गेंद को आगे बढ़कर मारने गए, लेकिन चूक गए। इस मैच में सिर्फ बल्लेबाज-विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे महेन्द्र सिंह धौनी ने उन्हें स्टम्प करने में कोई गलती नहीं की।
कप्तान इयोन मोर्गन ने 28 और जोस बटलर 31 रन बनाए। लेकिन इंग्लैंड को इस विशाल स्कोर तक पहुंचाने में बेन स्टोक्स का अहम रोल रहा। 95 गेंदों में चार चौके और एक छक्का मारने वाले रूट भी 244 के स्कोर पर पवेलियन लौटे। वह इंग्लैंड की ओर से आउट होने वाले पांचवें बल्लेबाज थे।
इसके बाद स्टोक्स ने अपने आक्रामक तेवर दिखाते हुए 31 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। यह भारत के खिलाफ किसी भी इंग्लिश बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज अर्धशतक है। स्टोक्स ने 40 गेंदों की अपनी पारी में पांच छक्के जड़े और सिर्फ दो चौके लगाए।
वह 48वें ओवरी की पहली गेंद पर सीमारेखा पर उमेश यादव द्वारा लपके गए। आउट होने से पहले उन्होंने मोइन अली (28) के साथ छठे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी में अली का योगदान सिर्फ 19 रनों का था बाकी के 51 रन स्टोक्स ने जुटाए।
अली ने अंत में तीन चौके और एक छक्का लगाया। क्रिस वोक्स छह गेंदों में एक चौके की मदद से नौ रन और डेविड विले पांच गेंदों में एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर नाबाद लौटे।
भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट लिए। जडेजा और यादव को एक-एक विकेट मिला। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
dharmpath.com dharmpath