पुणे टी-20 : कासुन की करिश्माई पारी, श्रीलंका 5 विकेट से विजयी (राउंडअप)

पुणे, 9 फरवरी (आईएएनएस)। पदार्पण मैच खेलने उतरे कासुन रजिता की करिश्माई पारी के बल पर श्रीलंका क्रिकेट टीम ने मंगलवार को महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में हुए पहले अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच में भारत को पांच विकेट से मात दे दी।

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी दूसरी ही गेंद पर रोहित शर्मा जैसे धुरंधर बल्लेबाज को पवेलियन की राह दिखाने वाले कासुन ने 29 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने कासुन (29-3) और दासुन शनाका (16-3) की धारदार गेंदबाजी की बदौलत भारतीय टीम को 18.5 ओवरों में उनके दूसरे न्यूनतम स्कोर 101 रनों पर ढेर कर दिया।

इसके बाद आसान से लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम ने पांच विकेट खोकर 12 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

श्रीलंका की शुरुआत भी हालांकि खास नहीं रही। 23 के स्कोर के भीतर उसके दोनों शीर्ष बल्लेबाज निरोशान डिकवेला (4) और दनुष्का गुणाथिलाका (9) पवेलियन लौट चुके थे।

दोनों ही विकेट तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने लिए।

इससे बाद हालांकि श्रीलंका के लिए कप्तान दिनेश चांडिमल (35) और चमारा कापुगेदरा (25) ने अहम साझेदारी निभाई। दोनों बल्लेबाजों ने सात ओवर में 39 रन जोड़े।

सुरेश रैना की गेंद पर पगबाधा करार दिए जाने से पहले चांडिमल ने 35 गेंदों की अपनी पारी में एक चौका और दो छक्का लगाया, जबकि कापूगेदरा ने 26 गेंदों की अपनी पारी में चार चौके लगाए।

जसप्रीत बुमराह की गेंद पर छक्के और चौके की मदद से विजयी रन जुटाने वाले मिलिंडा सिरिवर्दाना 21 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे।

श्रीलंका के लिए कासुन और दासुन ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि दुष्मांथा चमीरा ने दो और सचित्र सेनानायके ने एक विकेट हासिल किया। बुमराह भारत के आखिरी विकेट के रूप में रन आउट हुए।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय क्रिकेट टीम 8.5 ओवरों में 101 रन बनाकर ढेर हो गई।

हाल ही में आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला जीतकर आई भारतीय टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह पटरी से उतरी नजर आई।

श्रीलंका के लिए पदार्पण मैच खेल रहे कासुन ने पहले ही ओवर में रोहित को शून्य के निजी योग पर पवेलियन भेजने के बाद इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अजिंक्य रहाणे (4) को भी पवेलियन की राह दिखा दी।

पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर शिखर धवन (9) भी कासुन का शिकार हो गए।

शुरुआती झटकों से फिर भारतीय टीम उबर नहीं पाई। सुरेश रैना (20) और रविचंद्रन अश्विन (नाबाद 31) ही कुछ देर श्रीलंकाई गेंदबाजों के आगे टिक सके।

रैना ने 20 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगा, जबकि 24 गेंदों पर पांच चौके लगाकर अश्विन अंत तक नाबाद रहे।

श्रीलंका के लिए दासुन ने रैना की पारी पर लगाम लगाया। रैना के अलावा सनाका ने कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (2) और हार्दिक पांड्या (2) के दो अन्य अहम विकेट भी चटकाए।

पहले ही ओवर में दो विकेट गंवाने वाली भारतीय टीम के शीर्ष आठ बल्लेबाजों में से छह बल्लेबाज दहाई तक भी नहीं पहुंच सके।

भारत की मेजबानी में होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप से पहले तैयारी के तहत शुरू हुई इस श्रृंखला के पहले ही मैच में मिली यह हार निश्चित तौर पर भारत के लिए चेतावनी के समान है।

श्रृंखला में 0-1 से पिछड़ चुकी भारतीय टीम अब 12 फरवरी को रांची जेएससीए अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में दूसरा मैच खेलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493