पुणे में अपार्टमेंट की दीवार ढहने से 15 की मौत (लीड-2)

पुणे, 29 जून (आईएएनएस)। यहां के कोंडवा क्षेत्र में शनिवार को एक इमारत के अहाते की दीवार गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। मरने वालों में ज्यादातर लोग पश्चिम बंगाल और बिहार के थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के अधिकारियों ने कहा कि यह घटना शनिवार तड़के लगभग 2.15 बजे की है, जब एल्कॉन स्टायलस इमारत के अहाते की दीवार अचानक गिर गई और झोपड़ियों में सो रहे पीड़ित उसकी चपेट में आ गए।

बचाव दल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची लेकिन वे केवल दो नाबालिगों समेत तीन लोगों को ही बचा पाए। उनमें से ज्यादातर लोग मजदूर थे।

मृतकों में 10 पुरुष और पांच महिलाएं हैं। मलबे में फंसे अन्य लोगों को निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है।

पुणे की मेयर मुक्ता तिलक ने यहां संवाददाताओं से कहा, हम बगल में लगी इमारत में चल रहे निर्माण कार्य पर तुरंत रोक लगाने का आदेश जारी कर रहे हैं। हम मृतकों के परिजनों को भी पूरी राहत देंगे।

घटना की समीक्षा के लिए संरक्षक मंत्री चंद्रकांत पाटिल भी मौके पर पहुंच रहे हैं।

पुणे कलेक्टरेट और पुणे नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि वे घटना की जांच करेंगे।

मारे गए लोगों में से ज्यादातर निर्माणाधीन इमारतों में मजदूरी करते थे। मृतकों की पहचान सुनील सिंह, सोनाली दास, भीमा दास, दीपन शर्मा, आलोक वर्मा, मोहन शर्मा, संगीता देवी, अवदेश सिंह, अमन शर्मा, रवि शर्मा, अजीत शर्मा, राहुल शर्मा, लक्ष्मीकांत साहनी, ओवी दास के रूप में हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493