वाशिंगटन, 17 जून (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की उस घोषणा पर चिंता जताई है, जिसमें उन्होंने इस साल 40 से ज्यादा अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों (आईसीबीएम) को रूस के हथियार बेड़े में शमिल करने की बात कही है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, केरी ने एक टेलीकांफ्रेंस में संवाददाताओं को बताया, “मैं इस बात से चिंतित हूं। अमेरिका और रूस के बीच पहले से ही हथियार नियंत्रण को लेकर समझौता है, लेकिन ऐसा लगता है कि वे इसके विपरीत जा रहे हैं।”
केरी ने कहा कि पूर्ववर्ती सोवियत संघ के क्षेत्रों में मौजूद रहे परमाणु हथियारों को नष्ट करने को लेकर दोनों देशों के बीच 1990 के दशक से ही पर्याप्त सहयोग रहा है। कोई भी हमें पीछे लौटता नहीं देखना चाहता। मुझे लगता है कि यह भी कोई नहीं चाहता कि हम शीत युद्ध जैसी स्थिति में लौटें।”
पुतिन ने मंगलवार को रूस की रक्षा क्षमता बढ़ाने की महत्वकांक्षी योजना का खुलासा करते हुए कहा था कि इस साल रूसी सेना में 40 आईसीबीएम को शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ये आईसीबीएम परिष्कृत मिसाइल रोधी रक्षा कवच तक को भेद सकते हैं।
पुतिन ने यह घोषणा ऐसे समय में की, जब नाटो रूस की सीमा के पास अपनी सेना बढ़ा रहा है। रूस पूर्वी यूरोप और बाल्टिक देशों में भारी शस्त्र और हथियारों की तैनाती के नाटो के इरादे को लेकर सशंकित है।
dharmpath.com dharmpath