नई दिल्ली-अगर आप mAadhaar ऐप यूज करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है. सरकार ने ऐलान किया है कि पुराना ऐप जल्द बंद कर दिया जाएगा. इसकी जगह अब नया आधार ऐप लाया जा रहा है. जिसे पहले से ज्यादा सुरक्षित, स्मार्ट और आसान बताया जा रहा है. UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लोगों से नए ऐप पर शिफ्ट होने की अपील की है. UIDAI ने कहा कि नया ऐप यूजर्स को तेज एक्सेस, बेहतर फीचर्स और आसान डिजिटल सेवाएं देगा. यह बदलाव ऐसे समय में किया जा रहा है जब डिजिटल सुरक्षा और डेटा प्राइवेसी को लेकर लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है.
नया आधार ऐप सिर्फ पुराने mAadhaar का नया डिजाइन नहीं है, बल्कि इसमें काम करने का तरीका भी पूरी तरह बदला गया है. पहले आधार वेरिफिकेशन के दौरान कई बार पूरी जानकारी सामने आ जाती थी, लेकिन अब यूजर्स केवल जरूरी जानकारी ही शेयर कर पाएंगे. UIDAI का कहना है कि इससे लोगों की निजी जानकारी ज्यादा सुरक्षित रहेगी. नया ऐप सेलेक्टिव डेटा शेयरिंग पर काम करेगा यानी जहां जितनी जानकारी जरूरी होगी, सिर्फ उतनी ही दिखाई जाएगी. इससे होटल, अस्पताल, सरकारी दफ्तर या दूसरी जगहों पर पहचान साबित करना पहले से ज्यादा सुरक्षित और आसान हो जाएगा.
dharmpath.com dharmpath