पुराने वाहनों को हटाने पर कैबिनेट नोट माह के आखिर तक : गडकरी

ग्रेटर नोएडा, 4 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार जल्द ही सार्वजनिक मार्गो से पुराने वाहनों को हटाने के लिए एक नीति पर विचार करेगी। यह बात गुरुवार को सड़क केंद्रीय परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कही।

गडकरी ने यहां ऑटो एक्सपो-2016 के उद्घाटन के मौके पर अपने संबोधन में कहा, “पुराने वाहनों को हटाने पर एक नोट इस महीने के अंत तक मंत्रिमंडल को विचारार्थ सौंपा जाएगा।”

मंत्री ने पहले कहा था कि कार जैसे छोटे वाहनों को हटाने के लिए वाहनों मालिकों को 30 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन दिया जा सकता है।

मंत्रालय के एक सूत्र ने यहां आईएएनएस से कहा कि आगामी आम बजट को देखते हुए गडकरी ने वित्त मंत्री अरुण जेटली को लिखा है कि 15 साल या उससे पुरानी कारों के एक्सचेंज के साथ नई कारों की खरीदारी पर बजट में उत्पादन शुल्क छूट दी जानी चाहिए।

सूत्र ने कहा कि बजट में इस तरह की खरीदारी पर 50 फीसदी उत्पाद शुल्क छूट की व्यवस्था की जा सकती है।

गडकरी ने यह भी सुझाव दिया कि पर्यावरण अनुकूल वाहन के लिए अतिरिक्त निवेश पर वाहन उद्योग को 50 फीसदी तक त्वरित त्वरित मूल्यह्रास की सुविधा दी जा सकती है

गडकरी ने बताया कि संबंधित मंत्रालयों से विचार विमर्श के बाद सरकार ने एक अप्रैल 2020 से वाहनों के लिए यूरो-6 ईंधन उत्सर्जन मानक लागू करने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि इस तरह के ईंधन की उपलब्धता में कोई समस्या नहीं आएगी।

गडकरी ने समारोह में वाहन उद्योग के प्रतिनिधियों से कहा, “इलेक्ट्रि वाहनों और बैटरी प्रौद्योगिकी में शोध एवं विकास (आरएंडडी) में निवेश कीजिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493