पुलिसकर्मियों की हत्या पर भड़काऊ बयानों से बचने की ओबामा की अपील (लीड-1)

वाशिंगटन, 18 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने लुसियाना में तीन पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद नागरिकों से सोमवार को भड़काऊ बयानबाजी से बचने का आग्रह किया।

लुसियाना के बेटन रुज इलाके में रविवार को एक अश्वेत पूर्व अमेरिकी नौसैनिक ने तीन पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोलीबारी में तीन पुलिकर्मी घायल भी हो गए थे।

यह पिछले कुछ सप्ताहों में पुलिसकर्मियों पर हुआ दूसरा सबसे बड़ा हमला है। डलास में पांच जुलाई को भी इसी तरह का हमला हुआ था, जहां एक पूर्व अश्वेत सैनिक ने पांच पुलिसकर्मियों को मार दिया था।

ओबामा ने बेटन रुज में हुई गोलीबारी के बाद व्हाइट हाउस से अपने संबोधन में कहा कि यह सही है कि देश में मतभेदों का अस्तित्व है, लेकिन सभी नागरिकों को अपने बयानों और कृत्यों पर गौर करना चाहिए। उनके बयान देश को विभाजित करने के बजाए देश को जोड़ने वाले होने चाहिए।

ओबामा ने कहा, “हमें भड़काऊ बयानबाजी नहीं चाहिए। हमें राजनीतिक लाभ और अपने फायदे के लिए आरोप मढ़ने की भी जरूरत नहीं है।”

ओबामा ने इसके साथ ही पुलिसकर्मियों की हत्या और इन पर हमलों की निंदा की।

उन्होंने कहा, “एक राष्ट्र के तौर पर हमें साफ तौर से यह कहना होगा कि कानून लागू करने वालों पर हमलों को किसी भी रूप में जायज नहीं ठहराया जा सकता। पुलिस पर हमला हम सब पर हमला है। यह कानून का राज ही है जो समाज के अस्तित्व को संभव बनाता है।”

सीएनएन ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि कन्सास शहर के गाविन लोंग की पहचान गोलीबारी करने वाले के रूप में की गई है। गाविन लोंग ने अपने 29वें जन्मदिन पर गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियों और एक उप पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी।

अमेरिकी सेना के मुताबिक, लोंग एक पूर्व नौसैनिक था, जो 2010 में सार्जेट के पद से सेवानिवृत्त हुआ था।

पुलिस सूत्रों ने सीएनएन को बताया कि पुलिस अधिकारियों ने लोंग को मार गिराया।

अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के लिए एआर-15 स्टाइल की अर्ध-स्वचालित राइफल का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस ने आधिकारिक तौर पर पीड़ितों के नाम जारी नहीं किए हैं, लेकिन एक परिवार के सदस्यों ने इनमें से एक की पहचान मोंट्रेल जैक्सन के रूप में की है। मृतकों में पुलिसकर्मी मैथ्यू गेराल्ड और ब्रैड गाराफोला भी शामिल हैं। सोशल मीडिया पर की गईं पोस्ट से इसकी पुष्टि हो रही है।

ईस्ट बेटन रुज के शेरिफ सिड गॉट्ऱक्स के मुताबिक, हमलावर ने एक उप पुलिसकर्मी को भी घायल कर दिया जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

अधिकारियों के मुताबिक, एक अन्य उप पुलिसकर्मी और पुलिसकर्मी भी घायल हैं लेकिन उनकी हालत गंभीर नहीं है।

गोलीबारी की वजह साफ नहीं है लेकिन लोंग ने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर डलास में पुलिसकर्मियोंकी हत्या करने वाले अश्वेत मिकाह जानसन का पक्ष लेते हुए उसके बारे में लिखा था, “वह हममें से एक था। हमारा धर्म इंसाफ है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493