पुलिस को दिखना चाहिए प्रभावी : अखिलेश

लखनऊ, 30 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि राज्य में पुलिस का प्रभाव ऐसा होना चाहिए, जिससे अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ बरकरार रहे।

अखिलेश ने 5, कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस को 1056 वाहनों का तोहफा दिया। इसी दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि जब तब अपराधियों में पुलिस की वर्दी का खौफ नहीं होगा, तब तक अपराध पर नियंत्रण काफी मुश्किल काम है। अब जनता में नहीं अपराधियों में वर्दी का खौफ दिखना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार का काम आपको साधन संपन्न करना है। उसे हम अंजाम दे रहे हैं, अब आपको समाज में अलग मुकाम बनाना होगा। सरकार ने पुलिस के रहने तथा खाने का पर्याप्त इंतजाम कर दिया है।”

उन्होंने कहा कि अब पुलिस को बिना भय के काम करना होगा। अगर पुलिस बिना भय के काम करेगी तो उनको समाज के हर वर्ग से भी सम्मान मिलेगा और इनका भरोसा भी बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर ही पुलिस की टीमें बिना भोजन किए काम पर तैनात रहती हैं। अब आपको धमकी और दबाव में काम करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें सिपाहियों की सुविधाओं का भी ख्याल रखना होगा। सरकार जल्द ही प्रदेश के थानों का भी आधुनिकीकरण करेगी।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार ने पुलिस विभाग में इस बार सर्वाधिक पदोन्नति देने के साथ ही पुलिस विभाग को आधुनिक बनाने का काम किया है। आधुनिक नियंत्रण कक्ष यातायात सुधारने के साथ ही कानून एवं व्यवस्था में भी मदद कर रहे हैं।

इस मौके पर अखिलेश ने पुलिस महानिदेशक ए.के. जैन के काम की भी काफी सराहना की और कहा कि उन्होंने कम वक्त में अच्छा काम किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493