नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को कहा कि उसने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यालय से किए गए उस अनुरोध को खारिज कर दिया है, जिसमें मीडिया को केजरीवाल से दूर रखने का आग्रह किया गया था।
पुलिस आयुक्त बी.एस. बस्सी ने मीडिया से कहा कि उन्हें एक अनुरोध मिला था, जिसमें मीडिया की आवाजाही प्रतिबंधित करने के लिए कहा गया था। उन्होंने कहा कि लेकिन पुलिस ऐसा नहीं करेगी।
पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने आईएएनएस से कहा, “हमें वायरलेस पर संदेश मिला कि मीडिया को केजरीवाल के पास जाने से रोक देना चाहिए।”
दिल्ली सरकार के सूत्रों ने कहा कि मंगलवार को बवाना में केजरीवाल की मौजूदगी में एक कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे के मद्देनजर पुलिस को एक मौखिक संदेश भेजा गया था।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को बवाना में एक कार्यक्रम में मौजूद लोगों का एक वर्ग मंच पर चढ़ गया और उनके घरों में आपूर्ति होने वाले खराब पानी के खिलाफ विरोध किया। मंच पर मुख्यमंत्री केजरीवाल मौजूद थे।
dharmpath.com dharmpath