मेड्रिड, 2 फरवरी (आईएएनएस)। दिग्गज ब्राजीलियाई स्ट्राइकर रोनाल्डिन्हो ने भरोसा जताया है कि स्पेनिश क्लब बार्सिलोना के लिए खेलने वाले करिश्माई ब्राजीलियाई स्ट्राइकर नेमार प्रतिद्वंद्वी क्लब रियल मेड्रिड से नहीं जुड़ेंगे।
साथ ही उनका मानना है कि वह एक दिन विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनेंगे।
स्पेन के अखबार एल मुंडो डेपोरटिवो ने मंगलवार को रोनाल्डिन्हो के हवाले से लिखा है, “मुझे नहीं लगता कि नेमार रियल मेड्रिड में जाएंगे। मुझे उम्मीद है कि वह आगे जा कर विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनेंगे। उनमें इसकी काबिलियत है।”
नेमार के कुछ दिनों पहले सैंटियागो बेर्नाबेयू से जुड़ने की अफवाहें उठी थीं। ऐसी भी अटकलें थीं कि वह बैलन डी ऑर अवार्ड से पहले ज्यूरिख में मेड्रिड के प्रतिनिधिमंडल से मिले थे।
बार्सिलोना के साथ नेमार का अनुबंध 2018 तक का है। टीम के मुख्य कोच लुईस एनरिक ने पिछले सप्ताह कहा था कि उन्हें पूरा भरोसा है कि नेमार अपना अनुबंध बढ़ा लेंगे।
dharmpath.com dharmpath