मुंबई, 3 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय टेनिस दिग्गज विजय अमृतराज शानदार फॉर्म में चल रहीं देश की शीर्ष महिला टेनिस स्टार और इस वर्ष 10 युगल खिताब जीत चुकीं सानिया मिर्जा की सराहना करने से खुद को नहीं रोक सके।
मुंबई, 3 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय टेनिस दिग्गज विजय अमृतराज शानदार फॉर्म में चल रहीं देश की शीर्ष महिला टेनिस स्टार और इस वर्ष 10 युगल खिताब जीत चुकीं सानिया मिर्जा की सराहना करने से खुद को नहीं रोक सके।
इसी वर्ष स्विट्जरलैंड की दिग्गज मार्टिना हिंगिस के साथ जोड़ी बनाने के बाद इस जोड़ी ने रविवार को वर्ष के आखिरी प्रतिष्ठित टूर्नामेंट डब्ल्यूटीए फाइनल्स का युगल खिताब भी अपने नाम कर लिया।
जोड़ी बनाने के बाद सानिया-मार्टिना की जोड़ी युगल वर्ग में विश्व वरीयता क्रम में शीर्ष पर भी पहुंच चुकी है।
सानिया-मार्टिना का जोड़ी के रूप में यह वर्ष का नौवां खिताब रहा, जिसमें अमेरिकी ओपन और विंबलडन, दो ग्रैंड स्लैम खिताब भी शामिल हैं।
इसके अलावा सानिया ने अमेरिका का बेथानी माटेक सैंड्स के साथ जनवरी में सिडनी इंटरनेशनल का युगल खिताब भी जीता।
अमृतराज ने आईएएनएस के दिए साक्षात्कार में कहा, “यह अद्भुत है। मैंने ट्वीट भी किया है कि सानिया की डब्ल्यूटीए में जीत बेहतरीन रही। सानिया और मार्टिना ने एकदूसरे को बेहतरीन तरीके से समर्थन दिया। मार्टिना जहां नेट्स पर बेहद तेज रहीं, वहीं सानिया ने बेसलाइन से बेहद दमदार शॉट लगाए। उनकी जोड़ी शानदार है और उनके हौसले सातवें आसमान पर पहुंच चुके हैं।”
1974 में तत्कालीन चौथे विश्व वरीयता प्राप्त बोर्न बोर्ग को अमेरिकी ओपन में हराने वाले अमृतराज ने आगे कहा, “युगल मुकाबलों में आपको एक अच्छे साझीदार की जरूरत होती है। अपने जोड़ीदार को कोर्ट के अंदर और बाहर अच्छी तरह समझना बेहद महत्वपूर्ण होता है। मौजूदा समय में एकल मुकाबले खेलने वाले युगल में ज्यादा हाथ नहीं आजमाते। इसलिए जो युगल मुकाबले खेलते हैं, वे अधिक से अधिक समय तक साथ खेल पाते हैं और उनके प्रदर्शन में निरंतरता का यही कारण है।”
चैम्पियंस टेनिस लीग (सीटीएल) के आगामी संस्करण में मौजूदा अमेरिकी ओपन विजेता इटली की फ्लाविया पेनेटा और मार्टिना हिंगिस प्रमुख आकर्षण होंगी।
छह शहर आधारित फ्रेंचाइजियों वाले टूर्नामेंट सीटीएल का दूसरा संस्करण 23 नवंबर से छह दिसंबर के बीच खेला जाएगा।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों के अलावा प्रत्येक टीम में एक अंतर्राष्ट्रीय दिग्गज खिलाड़ी बतौर प्लेइंग कप्तान होगा। इसके अलावा प्रत्येक टीम को एक भारतीय पुरुष खिलाड़ी के अलावा एक जूनियर महिला और एक जूनियर पुरुष खिलाड़ी भी चुनना होगा।
सीटीएल की शुरुआत करने वाले अमृतराज का मानना है कि देश से विश्व स्तरीय एकल खिलाड़ी नहीं निकल पा रहे और सीटीएल भविष्य में इस कमी की भरपाई कर सकता है।
भारत के मौजूदा खिलाड़ियों में 89वें विश्व वरीय युकी भांबरी एटीपी रैंकिंग में शीर्ष-100 खिलाड़ियों में शामिल एकमात्र भारतीय हैं।
उन्होंने कहा, “हमारे यहां युगल खिलाड़ियों को लेकर कोई समस्या नहीं है, समस्या एकल स्पर्धा को लेकर है। हम दुनिया के शीर्ष 50-60 खिलाड़ियों में कहीं नहीं हैं। युकी शीर्ष-100 में प्रवेश कर सका है, इसकी मुझे बेहद खुशी है।”
पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित अमृतराज ने कहा, “पिछले 25 वर्षो से देश में एकल वर्ग में नई प्रतिभा की तलाश कोई नहीं कर रहा। सभी अपने निजी कोशिशों के बल पर लगे हुए हैं। जूनियर अपने दमखम से आगे बढ़ने की कोशिशों में लगे हुए हैं और प्रशिक्षकों के साथ अपना पैसा खर्च कर कुछ करने का प्रयास कर रहे हैं। “
उन्होंने कहा, “वहीं सीटीएल देश के 12 युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को दुनिया के दिग्गजों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मुहैया करा रहा है। हम इस देश में युवा प्रतिभा को वह मौका दे रहे हैं जो देश की आजादी के बाद से अब तक कोई नहीं दे सका। मुझे उम्मीद है कि सीटीएल भविष्य में देश को शीर्ष एकल खिलाड़ी देने में मदद करेगा।”
dharmpath.com dharmpath