कृषि मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों ही पूर्वाचल के बच्चों को इस गंभीर बीमारी से निजात दिलाने के लिए कटिबद्ध है। सरकार के प्रयासों से आने वाले समय में पूर्वाचल के बच्चे इंसेफेलाइटिस के अभिशाप से मुक्त हो जाएंगे। प्रदेश में मस्तिष्क ज्वर टीकाकरण विशेष अभियान 25 मई से 11 जून तक चलाया जाएगा। इसके लिए जनपद स्तरीय सूक्ष्म कार्य योजना (माइक्रोप्लान) तैयार किया गया है।”
उन्होंने कहा कि जेई टीकाकरण अभियान के तहत 38 जिलों के लगभग 88,57,125 बच्चों को जेई वैक्सीन से आच्छादित किया जाएगा। जेई वैक्सीन की प्रथम खुराक (9 से 12 माह) एवं दूसरी खुराक (16 से 24 माह पर) नियमित रूप से इन संवेदनशील जिलों में पहले से ही दी जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत छूटे हुए बच्चों को विशेष रूप से आच्छादित करने की योजना है।
अभियान की सफलता के लिए उपकेंद्र, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, मलिन बस्तियां, अल्पसंख्यक क्षेत्र तथा पिछड़े क्षेत्रों में टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर जेई वैक्सीन एवं अन्य सामग्री सिरिंज इत्यादि उपलब्ध कराई जा चुकी है। इस मुहिम के लिए केंद्र सरकार ने एक करोड़ वैक्सीन उपलब्ध कराई है।
dharmpath.com dharmpath