अगरतला/इंफाल, 20 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर पूर्व के तीन राज्य -त्रिपुरा, मणिपुर और मेघालय- बुधवार को अपना स्थापना दिवस मनाएंगे। यह जानकारी मंगलवार को अधिकारियों ने दी।
इंफाल के एक अधिकारी ने कहा, “इस अवसर पर मणिपुर सरकार संगीत, नृत्य और प्रदर्शनी समेत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करती है। यह समारोह इस राज्य की सुंदरता और वैभव का प्रदर्शन करगा।”
त्रिपुरा सरकार के एक अधिकारी ने अगरतला में कहा, “राज्य स्थापना दिवस मनाने के लिए त्रिपुरा के कार्यवाहक राज्यपाल पद्मनाभ बालकृष्ण आचार्य यहां पर एक पांच दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।”
अगरतला में भी राज्यपाल द्वारा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में 1972 के बाद त्रिपुरा के विकास और उपलब्धियों को दिखाया जाएगा।
मेघालय में राज्य स्थापना दिवस पर शिलांग के पोलो ग्राउंड्स में एक मोटर बाइक शो सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मोटर बाइक शो का आयोजन खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय द्वारा कराया जाता है।
पूर्व में त्रिपुरा और मणिपुर रियासतें थीं, अक्टूबर 1949 में इनका भारत में विलय कर दिया गया था। इसके बाद 21 जनवरी, 1972 को इन्हें पूर्ण राज्य का दर्जा दिया गया।
पूर्वोत्तर क्षेत्र अधिनियम, 1971 के अंतर्गत पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने से पहले मेघालय असम का हिस्सा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
dharmpath.com dharmpath