दीमापुर (नागालैंड), 12 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्र सरकार तथा नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड-इसाक-मुइवा (एनएससीएन-आईएम) के बीच नागा समझौते को पूर्वोत्तर में शांति की दिशा में ‘महत्वपूर्ण विकास’ करार देते हुए ओडिशा के राज्यपाल एस.सी.जमीर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की बुधवार को प्रशंसा की।
नागालैंड के पूर्व मुख्यमंत्री जमीर ने कहा, “एक सशक्त और दूरदर्शी सरकार क्षेत्र में शांति पर जोर दे रही है, ताकि उसकी पूरब की ओर देखो नीति वास्तविकता की शक्ल ले। ऐसा करने के लिए नागालैंड में शांति जरूरी है।”
राज्यपाल ने कहा, “एक सशक्त शुरुआत की गई है। अब आगे देखने का समय आ गया है। अब नागाओं द्वारा मौकों को दोनों हाथों से लपकने का समय आ गया है। नागालैंड के युवाओं को भी उसी तरह आगे बढ़ना चाहिए, जैसे देश के अन्य भागों के युवा बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि नागा शांति समझौता एक बड़ी उपलब्धि है, जिसमें दो विवादित मुद्दों संप्रभुता तथा अखंडता को अलग रखा गया है।
राज्यपाल ने कहा, “एनएससीएन-आईएम को अब वैसे नए विचारों के साथ आना चाहिए, जो सरकार की शांति पहल से मेल खाए।”
dharmpath.com dharmpath