पूर्व केंद्रीय मंत्री एस. जयपाल रेड्डी का निधन (लीड-2)

हैदराबाद, 28 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एस. जयपाल रेड्डी का रविवार तड़के यहां निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी।

रेड्डी (77) ने हैदराबाद में एक निजी अस्पताल में रात लगभग 1.30 बजे अंतिम सांस ली। निमोनिया से पीड़ित होने के बाद उन्हें हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार यहां सोमवार को किया जाएगा। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए पार्टी मुख्यालय राजभवन में रखा जाएगा।

उनका अंतिम संस्कार हुसैन सागर के निकट पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिंहा राव की समाधि पीवी घाट के पास हो सकता है।

रेड्डी का जन्म तेलंगाना के महबूबनगर में हुआ था और वे पांच बार लोकसभा में निर्वाचित हुए थे तथा दो बार राज्यसभा सदस्य भी बन चुके थे।

उन्होंने उस्मानिया यूनिवर्सिटी के छात्र होने के दौरान से ही अपना राजनीतिक जीवन शुरू कर दिया। आपातकाल लगाए जाने के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और जनता पार्टी में शामिल हो गए और बाद में उसके महासचिव भी बन गए। उन्होंने 1980 में मेडक लोकसभा सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा, हालांकि वे हार गए।

रेड्डी इंद्र कुमार गुजराल की सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री रहे। वह संप्रग-1 और संप्रग-2 सरकारों में भी मंत्री रहे और नगर विकास एवं संस्कृति, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा भू विज्ञान मंत्रालय संभाले।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने रेड्डी के निधन पर शोक जताया है। तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) प्रमुख ने उनके परिजनों को सांत्वना देते हुए अपने संदेश में मंत्री पद पर रहते हुए रेड्डी के कामों को याद किया। उन्होंने कहा रेड्डी एक अच्छे सांसद थे।

उन्होंने कहा, “तेलंगाना के सबसे अच्छे सपूतों में से एक श्री जयपाल रेड्डी का अचानक निधन होने पर बहुत दुखी हूं।”

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी रेड्डी के निधन पर शोक व्यक्त किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493