कोलकाता, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ियों ने शुक्रवार को ईडन गार्डन्स पर एक कार्यक्रम के दौरान सचिन तेंदुलकर के कपड़ों के शौक से लेकर नवजोत सिंह सिद्धू और अजय जेडजा की अस्त-व्यस्त रहने की आदतों जैसे ड्रेसिंग रूम के तमाम राज साझा किए।
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इस दौरान बताया कि दिग्गज बल्लेबाज सचिन सिर्फ दो काम करते थे, बल्लेबाजी और कपड़े खरीदना।
गांगुली ने कहा, “वो (तेंदुलकर) सिर्फ बल्लेबाजी और खरीददारी करते थे। वह टेस्ट में शतक बनाते थे और अगले दिन आप उन्हें अरमानी और वर्साचे स्टोर में कपड़े खरीदते देख सकते हैं। वह कपड़ों के बेहद शौकीन हैं और उनके अलमारी में शानदार कपड़े हैं।”
वीवीएस लक्ष्मण के बारे में गांगुली ने कहा कि वह देरी करने वाले व्यक्ति थे।
उन्होंने कहा, “नंबर चार और पांच का बल्लेबाज क्रीज पर होगा तब वह नहाने जाते थे। वह टीम बस में भी सबसे आखिर में चढ़ते थे।”
इस कार्यक्रम में अनिल कुंबले, कपिल देव और वीरेन्द्र सहवाग भी मौजूद थे।
कपिल ने दो बल्लेबाजों के राज खोलते हुए कहा कि टीम के सबसे हैंडसम बल्लेबाज सबसे गंदा रहते थे।
कपिल ने कहा, “आप विश्वास नहीं करेंगे, हमारी टीम के दो सबसे हैंडसम बल्लेबाज सबसे गंदे रहते थे।”
उन्होंने कहा, “वह (सिद्धू) बैग पैक करते समय में कपड़े उसमें फेंकते थे। अजय भी साफ सफाई से नहीं रहता था।”
dharmpath.com dharmpath