पूर्व खेतिहर मजदूर मोनी ने केरल में मंत्रिपद की शपथ ली

तिरुवनंतपुरम, 22 नवंबर (आईएएनएस)। केरल के राज्यपाल पी.सदाशिवम ने मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक एम.एम.मोनी को पिनरई विजयन की सरकार में मंगलवार को मंत्री पद की शपथ दिलाई। मोनी पहली बार विधायक बने हैं।

‘मोनी असन’ के नाम से मशहूर पूर्व खेतिहर मजदूर ने 10 साल की उम्र में खेतों में मजदूरी का काम शुरू किया था।

सन् 1964 के विभाजन से पहले वह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) में शामिल हुए थे। माकपा में शामिल होने के बाद वह इदुक्की में सबसे मशहूर नेताओं में से एक बन गए थे।

दो दशक से अधिक समय तक वह इदुक्की के जिला सचिव रहे और वर्तमान में पार्टी के राज्य सचिवालय के सदस्य हैं।

अपनी फिसलती जुबान के कारण उन्हें कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

साल 2012 में अपने गृहनगर में एक सार्वजनिक बैठक में उन्होंने कहा था कि अपने दुश्मनों की हत्या करना उनकी पार्टी की आदत है और अपनी पार्टी के समर्थकों द्वारा चार हत्याओं को उन्होंने गिनाया।

इसके बाद ओमन चांडी की सरकार ने उनके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कराया था और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। मामला अभी भी चल रहा है।

यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उनकी पत्नी तथा बेटी ने कहा कि उन्होंने उनसे उनकी आदत बदलने की कभी उम्मीद नहीं की और वे हमेशा चाहती थीं कि वे जैसे हैं, वैसे ही रहें।

उन्हें विद्युत मंत्रालय का प्रभार मिला है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493