पूर्व मुख्यमंत्री का पार्थिव शरीर आजमगढ़ पहुंचा, अंतिम संस्कार आज

लखनऊ /आजमगढ़, 23 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राम नरेश यादव का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह आजमगढ़ के आंधीपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचा। पुलिस ने उन्हें सलामी दी। अंतिम दर्शन के उपरांत बुधवार दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

आजमगढ़ स्थित उनके पैतृक गांव आंधीपुर में लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

गौरतलब है कि उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादव का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे। रामनरेश यादव मध्य प्रदेश के राज्यपाल भी रहे थे। उन्हें 18 नवंबर को एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था।

रामनरेश यादव का सितंबर में मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद का कार्यकाल समाप्त हुआ था। वह मध्य प्रदेश के व्यापमं घोटाले में नाम आने के बाद से विवादों में भी थे। लंबे समय से बीमार चल रहे यादव को सांस लेने में दिक्कत के बाद पीजीआई में भर्ती कराया गया था।

रामनरेश यादव आजमगढ़ जिले के फूलपुर तहसील के आंधीपुर गांव के निवासी थे। वह 1977 में जनता दल की सरकार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद आठ सितंबर, 2011 में मध्य प्रदेश के राज्यपाल बने और आठ सितंबर, 2016 को उनका कार्यकाल समाप्त हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493