लखनऊ, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और आजमगढ़ से चार बार सांसद रहे रमाकांत यादव और समाजवादी पार्टी सरकार में मंत्री रहे राजकिशोर सिंह शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।
कांग्रेस के प्रभारी सचिव जुबेर खान और विधायक आराधना मिश्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय में दोनों नेताओं और उनके समर्थकों को कांग्रेस की सदस्यता दिलवाई।
गौरतलब है कि अबतक रमाकांत यादव कांग्रेस, बसपा, जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और भाजपा में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं।
भाजपा ने इस बार आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव निरहुआ को प्रत्याशी बनाया है। इससे रमाकांत नाराज थे। पिछले दिनों वह निरहुआ के रोड शो में भी शामिल नहीं हुए थे। वह 2014 में सपा संरक्षक मुलायम सिंह के खिलाफ चुनाव हार गए थे।
वहीं राज किशोर सपा सरकार में बागवानी व पंचायती राज मंत्री रहे। बस्ती मंडल की तीन सीटें बसपा के खाते में जाने से राज किशोर सिंह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से नाराज चल रहे थे।
कांग्रेस ने बस्ती लोकसभा सीट पर जन अधिकार पार्टी से गठबंधन किया है। यहां चंद्रशेखर मैदान में हैं। लेकिन बदले समीकरण के बाद अब सीट से राजकिशोर सिंह को कांग्रेस टिकट दे सकती है।
dharmpath.com dharmpath