नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्व सेना प्रमुख जनरल के.वी. कृष्णा राव (सेवानिवृत्त) का अंतिम संस्कार रविवार यहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ कर दिया गया।
जनरल राव 14वें सेना प्रमुख थे। वह जम्मू एवं कश्मीर, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा के राज्यपाल भी रह चुके थे। यहां सेना अस्पताल में शनिवार (रिसर्च एंड रेफरल) को उनका निधन हो गया था। वह 92 वर्ष के थे।
सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ा कर श्रद्धांजलि अर्पित की और जनरल राव के परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदना प्रकट की है।
दलबीर सिंह ने कहा, “जनरल के.वी. कृष्णा राव एक सैन्य नायक थे, जो सैनिकों के लिए प्रेरणा हैं और उनके निधन के बाद भी वह प्रेरणादायी रहेंगे।”
राव के निधन पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, वायुसेना के मार्शल अर्जन सिंह, विदेश राज्यमंत्री और पूर्व सेना प्रमुख जनरल वी.के. सिंह और पूर्व सेना प्रमुख वी.एन. शर्मा, एन. सी. विज, दीपक कपूर और बिक्रम सिंह ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. के. धवन और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अरूप राहा भी पूर्व सेना प्रमुख को अंतिम विदाई देने के लिए उपस्थित थे।
राव नौ अगस्त, 1942 को सेना में नियुक्त हुए थे। उस समय द्वितीय विश्वयुद्ध अपने चरम पर था। राव ने इस दौरान बर्मा, उत्तर-पश्चिम सीमांत और बलूचिस्तान में अपनी सेवाएं दी।
उल्लेखनीय है कि देश के विभाजन के बाद 1947 में संयुक्त पंजाब में बड़े पैमाने पर अशांति पैदा हो गई थी। इस दौरान उन्होंने राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में अपनी सेवाएं दी।
इसके बाद जम्मू एवं कश्मीर में पाकिस्तान के खिलाफ 1947-48 के युद्ध में भी उन्होंने हिस्सा लिया था।
वह 1949-51 के दौरान राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के एक संस्थापक-प्रशिक्षक रहे थे।
dharmpath.com dharmpath