पेटलावद में कथा वाचन से आएगी शांति : भाजपा

झाबुआ, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मध्य प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का मानना है कि विस्फोट से दहले पेटलावद में होने वाली कनकेश्वरी देवी की कथा से शांति आएगी। तीन हफ्ते पहले पेटलावद में हुए विस्फोट में 88 लोगों की मौत हुई थी। इस भीषण हादसे के लिए जिम्मेदार राजेंद्र कासवा तक पुलिस अभी नहीं पहुंच सकी है।

झाबुआ में मंगलवार को वनवासियों के सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौहान ने पेटलावद की त्रासदी पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस घटना के असल दोषी के सिर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया का हाथ था, इस घटना में निरपराध लोग मारे गए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रत्येक मृतक के परिवार के घर जाकर सांत्वना दी और सहारा देकर उन्हें ढांढस बंधाया था। यहां 22 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक साध्वी कनकेश्वरी देवी की कथावाचन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिससे शांति का आह्वान होगा।

चौहान ने मध्य प्रदेश में आदिवासियों के लिए किए जा रहे कार्यो का जिक्र करते हुए कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस ने आदिवासियों की उपेक्षा की, आदिवासी अंचल अंधकार में डूबा रहा, उन्हें खाद्य सुरक्षा के नाम पर लाल गेहूं देकर उनके साथ पशुवत व्यवहार किया। प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज ने आदिवासी अंचल में एक रुपये किलो गेहूं और एक रुपये किलो चावल देकर उन्हें राहत दी है। आदिवासियों का नसीब बदल रहा है, और वे विकास की मुख्यधारा का अंग बन रहे हैं।

चौहान ने आगे कहा कि झाबुआ अंचल में सूखे कंठ और सूखी धरती की प्यास बुझाने के लिए नर्मदा का जल लाया जा रहा है, इसके लिए निर्माण कार्य आरंभ हो गया है और जल्दी ही इस अंचल की सूखी धरती लहलहा उठेगी, समृद्धि का नया युग आएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में शहरी और ग्रामीण अंचल अंधकार में डूबे रहते थे, सिंचाई के लिए बिजली का अभाव था, सड़के गढ्ढ़ों में तब्दील हो चुकी थी। भाजपा के सत्ता में आने पर प्रदेश के सभी 52 हजार गांवों में 24 घंटे बिजली की व्यवस्था की, अब इस अंचल की कोई भी बस्ती बिना बिजली के नहीं रहेगी।

चौहान ने आगे कहा कि आदिवासी अंचल का कांग्रेस ने लगातार शोषण किया है, माफिया राज को प्रोत्साहन दिया है, मध्यप्रदेश को कांग्रेस मुक्त राज्य बनाने की दिशा में हमने सफलता पाई है। साथ ही आने वाले समय में होने वाले झाबुआ के लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को विजयश्री दिलाकर इसे आगे बढ़ाएं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493