पर्चेज (अमेरिका)/मुंबई, 6 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय मूल की कारोबारी इंद्रा के. नूयी वैश्विक खाद्य व पेय की प्रमुख कंपनी पेप्सिको, इंक. की मुख्य अधिशासी का पद अक्टूबर में छोड़ देंगी। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अमेरिका स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनी के मुताबिक, इसके निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से रमोन लगुर्ता (54) को मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में चुना है, जो नूयी (62) की जगह लेंगे।
हालांकि, नूयी 2019 की शुरुआत तक कंपनी की चेयरमैन बनी रहेंगी।
कंपनी ने एक बयान में कहा, “नूयी कंपनी के साथ 24 साल काम करने के बाद 3 अक्टूबर को पद छोड़ेंगी, उन्होंने अंतिम 12 साल सीईओ के तौर पर काम किया है।”
इसमें कहा गया, “वह सुचारु और निर्बाध परिवर्तनकाल सुनिश्चित करने के लिए 2019 की शुरुआत तक चेयरमैन बनी रहेंगी। लगुर्ता को कंपनी के निदेशक मंडल में भी चुना गया है, जो 3 अक्टूबर से प्रभावी होगा।”
dharmpath.com dharmpath