पेरिस जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन के लिए तैयार

पेरिस, 30 नवंबर (आईएएनएस)। पेरिस में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन के लिए दुनियाभर के नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया है, जिसके मद्देनजर यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

‘बीबीसी’ की रिपोर्ट के अनुसार, दो सप्ताह तक चलने वाला यह सम्मेलन यहां सोमवार से शुरू हो रहा है, जो 11 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान नेताओं ने जलवायु परिवर्तन के लिए जिम्मेदार कार्बन गैसों के उत्सर्जन को कम करने पर सहमति और इसके लिए किसी समझौते पर पहुंचने की उम्मीद जताई है।

सम्मेलन का आगाज यहां स्थानीय समयानुसार दोपहर 2.30 बजे होना है। सम्मेलन को 150 से अधिक वैश्विक नेताओं द्वारा संबोधित किए जाने की संभावना है।

सम्मेलन उत्तरी पेरिस के ली बुर्जेट में आयोजित किया जा रहा है। वैश्विक नेताओं के यहां पहुंचने के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। यहां आने वाली सभी सड़कों पर सुरक्षा व चौकसी बढ़ा दी गई है।

सम्मेलन की अध्यक्षता फ्रांस के विदेश मंत्री लॉरेंट फैबियस करने वाले हैं। उन्होंने कहा, “यह एक निर्णायक मोड़ साबित होगा, जिसकी आवश्यकता दुनिया को है।”

कार्यक्रम में करीब 40,000 लोगों के शिरकत करने की उम्मीद है। यह 2009 में आयोजित कोपेनहेगन सम्मेलन से अधिक बड़ा होने जा रहा है।

इस बीच, रविवार को शिखर सम्मेलन से पहले फ्रांस की पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद करीब 208 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि 174 को गिरफ्तार किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493