काहिरा, 30 नवंबर (आईएएनएस)। मिस्र में अफ्रीका के सबसे बड़े पवनचक्की संयंत्र का उद्घाटन किया गया है। यह जानकारी सोमवार को एक मीडिया रपट से मिली। इस संयंत्र में 100 पवन चक्कियां हैं, और इसकी कुल बिजली उत्पादन क्षमता 200 मेगावाट है।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, यूरोपीय संघ (ईयू), जर्मन विकास बैंक और यूरोपीय निवेश बैंक ने इस परियोजना के लिए ऋण दिया है।
मिस्र में ईयू के राजदूत जेम्स मोरन ने मिस्र के बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री मुहम्मद शेकर के साथ रविवार को इस संयंत्र का उद्घाटन किया।
मोरन ने कहा, “अल जेइत की खाड़ी में स्थित यह संयंत्र नवीकरणीय ऊर्जा का एक प्रमुख स्रोत है और इससे मिस्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, रोजगार का सृजन होगा तथा प्रदूषण घटेगा।”
संयंत्र से सालाना 800 गीगावाट बिजली पैदा होगी, जो पांच लाख लोगों की ऊर्जा खपत के लिए काफी है और इससे चार लाख टन कार्बन डाईऑक्साइट उत्सर्जन घटेगा।
मोरन ने कहा, “नए पवनचक्की संयंत्र से मिस्र की पवन ऊर्जा क्षमता 35 फीसदी बढ़ जाएगी और कार्बन उत्सर्जन में सालाना चार लाख टन की कमी आएगी।”
परियोजना में ईयू ने 3.2 करोड़ डॉलर, यूरोपीय निवेश बैंक ने 5.3 करोड़ डॉलर और जर्मन विकास बैंक ने 20.3 करोड़ डॉलर लगाया है।
dharmpath.com dharmpath