पेरिस, 3 जुलाई (आईएएनएस)। जमैका के फर्राटा धावक आसफा पॉवेल शनिवार को आयोजित होने वाले इस सत्र के अपने पहले डायमंड लीग मीट में 100 मीटर रेस में श्रेष्ठ समय निकालना चाहते हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने 32 साल के पॉवेल के हवाले से लिखा है, “मेरा व्यक्तिगत श्रेष्ठ समय 9.72 सेकेंड है और लय में होने के दौरान मैं यह समय निकाल सकता हूं लेकिन मैं इससे भी बेहतर समय चाहता हूं। मेरे लिए यही अगला लक्ष्य है।”
पॉवेल ने 2005 में 9.77 सेकेंड समय के साथ विश्व रिकार्ड कायम किया था। इसके बाद 2008 में उन्होंने 9.74 सेकेंड समय निकाला, जो बाद में उनके हमवतन उसैन बोल्ट ने पार कर लिया।
इसके बाद 2013 में एक प्रतिबंधित दवा के सेवन का आरोप साबित होने के बाद जमैका में उन्हें 18 महीने के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया। कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट ने हालांकि उनकी सजा कम कर दी और छह महीने में बरी कर दिया।
पॉवेल 26 जून को जमैका ट्रायल्स में 100 मीटर रेस में 9.84 सेकेंड समय निकालकर अगस्त में बीजिंग में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath