पेरिस, 4 नवंबर (आईएएनएस)। फ्रांसीसी पुलिस ने शुक्रवार को पेरिस के पूर्वोत्तर में दो मेट्रो स्टेशनों के बीच स्थित एक अस्थायी प्रवासी शिविर को खाली करा लिया।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज के मुताबिक, राजधानी में शिविर के 2,000 से 3,000 लोगों को हटाने का कार्य सुबह छह बजे शुरू किया गया।
शिविर को हटाने में करीब 600 पुलिस अधिकारी और कई सामाजिक संगठनों के 250 स्वंयसेवक शामिल रहे। शिविर तंबुओं और दूसरे अस्थायी ढांचे का बना था।
बीते सप्ताह उत्तरी बंदरगाह शहर कलिस के ‘जंगल’ प्रवासी शिविर को हटाने के बाद फ्रांसीसी अधिकारियों ने स्टालिनग्राद और जॉरेस मेट्रो स्टेशन के बीच स्थित इस शिविर को भी गिराए जाने की चेतावनी दी थी।
स्टालिनग्राद का यह शिविर कई दूसरे मौकों पर भी खाली कराया जा चुका है। यह पिछली बार 16 सितंबर को खाली कराया गया था, लेकिन हाल के सप्ताहों में यह फिर से बन गया।
अधिकारियों ने सोमवार को एक अभियान चलाकर शिविरों में रहने वाले लोगों की पहचान की थी। इसमें ज्यादातर अफ्रीकी इलाके सूडान, इरीट्रिया और इथोपिया और एशियाई देशों अफगानिस्तान व पाकिस्तान के थे।
dharmpath.com dharmpath