नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर रविवार को भारत सरकार ने संयुक्त राष्ट्र के साथ हुए ऐतिहासिक पेरिस जलवायु समझौते को स्वीकार करने की घोषणा की। सरकार के इस कदम का पर्यावरण पर काम करने वाले संगठनों ने स्वागत किया है।
ग्रीनपीस इंडिया के कार्यकारी निदेशक, रवि चेल्लम ने कहा, “हमें खुशी है कि भारत सरकार ने पूरी प्रतिबद्धता से पेरिस समझौते को मंजूरी देकर यह साबित किया है कि वह बहुत तेजी से अक्षय उर्जा के अपने महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रयासरत है। अब यह आवश्यक हो गया है कि भारत अपनी ऊर्जा नीति को तार्किक बनाए।”
उन्होंने कहा कि इसी सप्ताह जारी ग्रीनपीस के एक विश्लेषण से पता चलता है कि 60 गीगावॉट के गैररूरी कोयला संयंत्र बनाने में देश के सीमित संसाधनों का लगभग 50 अरब डॉलर डुबाया जा रहा है। इस कोयला संयंत्र की देश को कोई जरूरत नहीं है। यह बड़े पैमाने पर संसाधनों की बर्बादी है, जिसे 2022 तक 175 गीगावॉट नवीकरणीय उर्जा के लक्ष्य को हासिल करने में बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है।
भारत की मंजूरी के बाद पेरिस समझौता अपने स्वीकरण के 10 महीने के भीतर ही लागू होने की कगार पर पहुंच गया है।
रवि ने कहा, “इस समझौते को लेकर जो तेजी है, उससे जाहिर होता है कि पर्यावरण असुंतलन के खतरों को भांप लिया गया है, खास तौर पर भारत इन खतरों की जद में है। जिन बड़े उत्सर्जकों ने अब तक इसको मंजूर नहीं किया है, उनको जल्द मंजूर करना चाहिए। और सभी देशों को अपने वादों पर अमल करने के लिए कदम उठाना चाहिए, ताकि पेरिस समझौता इतिहास में इस तरह दर्ज हो कि मनुष्य ने तबाही को सामने से देखा और इसको रोकने के लिए कुछ किया। भारत की मंजूरी से अमीर और औद्योगिक देशों, जिनका इस समस्या में सबसे ज्यादा योगदान है, पर उत्सर्जकों को घटाने और विकासशील देशों को इसके लिए आर्थिक और तकनीकी मदद देने का दबाव बढ़ा है।”
रवि ने कहा, “यह हमारे लिए स्वच्छ, अक्षय ऊर्जा वाली दुनिया में तब्दीली का मौका है जो हर सबके लिए सस्ता और उपलब्ध हो। भारत के लिए जो जलवायु परिवर्तन से सबसे ज्यादा खतरों वाले देश में शामिल है, इस समझौते का सबसे बड़ा फायदेमंद होगा।”
एक्शन एड के कार्यकारी निदेशक, संदीप चर्चा ने कहा, “इस वर्ष भारत और भारतीय नागरिक जलवायु परिवर्तन के अग्रिम मोर्चे पर रहे हैं। आज पेरिस समझौते को मंजूरी देने का यह कदम इस बात का स्पष्ट संकेत है कि भारत घरेलू स्तर पर और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तत्काल कार्रवाई चाहता है।”
60 से ज्यादा देशों ने इस समझौते को औपचारिक तौर पर मंजूर कर लिया है, जो कि जरूरी 55 से ज्यादा है। उत्सर्जकों के 52 फीसदी हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए मरकेश में होने वाले 22वें जलवायु सम्मेलन से पहले सभी देशों के सामने इस समझौते के बाध्यकारी कानूनी संधि साबित होने की उम्मीद है।
dharmpath.com dharmpath