सुवा, 3 जुलाई (आईएएनएस)। फिजी के प्रधानमंत्री वोरेक बैनिमरामा ने सोमवार को कहा कि अमेरिका जलवायु परिवर्तन समझौते से खुद को भले ही अलग कर चुका है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए अभी भी इस प्रयास से जुड़ने के लिए दरवाजे खुले हुए हैं।
बैनिमरामा संयुक्त राष्ट्र के ‘फ्रेमवर्क कन्वेंशन ऑन क्लाइमेट चेंज’ के पक्षों के सम्मेलन के 23वें सत्र के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने ‘क्लाइमेट एक्शन पैसिफिक पार्टनरशिप मीटिंग’ के उद्घाटन के दौरान यह टिप्पणी की।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, उन्होंने प्रशांत क्षेत्र के 300 प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए इस पहल के प्रति फिर से समर्पित होने पर जोर दिया।
उन्होंने प्रतिनिधियों से कहा कि उनका देश जलवायु परिवर्तन से लड़ने के संबंध में उनके साथ खड़ा होने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
बैनिमरामा ने कहा कि किरिबाती और तुवालू के लोगों को इस संबंध में चिंतित होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि फिजी उनके साथ है।
dharmpath.com dharmpath