पेरिस हमले में 153 मरे, फ्रांस में आपातकाल की घोषणा (लीड-1)

मध्य पेरिस में शुक्रवार देर रात गोलीबारी की लगभग सात घटनाएं हुईं, जिनमें से एक बैटाकलां थिएटर व कंसर्ट हॉल में हुई। आतंकवादियों ने यहां कुछ लोगों को बंधक भी बना लिया था, जहां सैकड़ों की संख्या में लोग एक रॉक समूह की प्रस्तुति देखने के लिए एकत्र हुए थे।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इन हमलों में अब तक 153 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ हमलावर मारे जा चुके हैं।

फ्रांस के राष्ट्रीय फुटबॉल स्टेडियम ‘स्टेड डी फ्रांस’ में दो विस्फोट हुए। यहां फ्रांस-जर्मनी के बीच दोस्ताना फुटबॉल मैच चल रहा था, जिसे देखने के लिए राष्ट्रपति ओलांद भी स्टेडियम में ही मौजूद थे।

ओलांद को सकुशल स्टेडियम से बाहर निकाला गया। उन्होंने इन आतंकवादी हमलों की निंदा की है।

बैटाकलां थिएयर में गोलीबारी के बाद पुलिस ने इस बात की पुष्टि की कि आतंकवादियों ने कुछ लोगों को यहां बंधक बना लिया था। थिएटर के बाहर पुलिस की तैनाती के दौरान हथियारों से लैस तीन आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।

यूरोप1 वेबसाइट पर एक पत्रकार जुलियन पियर्स ने एक प्रत्यक्षदर्शी से हवाले से लिखा, “कलाशनिकोव रायफल से लैस दो से तीन आतंकवादी हॉल में घुसे और उन्होंने हॉल में मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी। इन आतंकवादियों ने अपने चेहरे ढक रखे थे।”

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने टेलीविजन पर अपने संक्षिप्त संबोधन में देश में आपातकाल की घोषणा कर दी। साथ ही सीमा पर नियंत्रण बढ़ाने के आदेश दिए।

उन्होंने कहा, “कुछ स्थान बंद किए जाएंगे, यातायात पर प्रतिबंध लगाया जाएगा, इल-दा-फ्रांस (फ्रांसिसी क्षेत्र) में तलाशी अभियान शुरू किया जा सकता है।”

उन्होंने यह भी कहा कि देश में और हमले न हों, यह सुनिश्चित करने के लिए लगभग 1,500 सैनिकों की तैनाती की गई है।

इसके अलावा, शनिवार को पेरिस के स्कूलों और विश्वविद्यालयों को बंद रखा गया है।

फिलहाल इन हमलों की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है, लेकिन समाचार चैनल बीएफएमटीवी के मुताबिक, आतंकवादी ‘यह सीरिया के लिए है’ चिल्ला रहे थे।

फ्रांस आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के खिलाफ अमेरिका के नेतृत्व वाली उस गठबंधन सेना का सदस्य है, जो इराक और सीरिया में आईएस के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस हमले को इसी के संदर्भ में देखा जा रहा है।

इस बीच, राष्ट्रपति ओलांद ने जी20 शिखर सम्मेलन के लिए अपनी यात्रा रद्द कर दी है।

अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने पेरिस और इसके आसपास कई स्थानों पर हुए इन आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा की है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने शुक्रवार को कहा कि वह पेरिस में इन घातक हमलों के बारे में सुनकर वह हैरान हैं और फ्रांस के लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने कहा कि वह पेरिस में हुए हमलों से सदमे में हैं। वह इस संकट की घड़ी में फ्रांस के साथ हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने शुक्रवार को पेरिस में हुए इन घातक हमलों की निंदा की। उन्होंने इसे ‘निर्दोष लोगों को आतंकित करने का प्रयास’ करार दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493